पूर्वी UP में गिरेंगे ओले:यूपी में बारिश ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड

# ## Environment UP

(www.arya-tv.com) बीते दो दिनों से जारी बारिश से प्रदेश वासियों को अभी राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग ने पांच जनवरी से 10 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार रात भर हुई बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि, सुबह राजधानी और आस पास के कुछ जिलों में आसमान साफ होने से लोगों को राहत मिली। कानपुर में गुरुवार से शुक्रवार सुबह तक हुई बारिश करीब 16 MM दर्ज की गई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे।

घना कोहरा होने की भी चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही पूर्वी यूपी में सुबह के समय घना कोहरा होने की भी चेतावनी जारी की है। वहीं, पूर्वी UP में ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश भर में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की थी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते अफगानिस्तान-पाकिस्तान से होकर जम्मू- कश्मीर से होते हुए हवाएं अब प्रदेश भर में बारिश का कारण बन रही हैं।

बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त
कानपुर और आसपास के जिलों में बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार तड़के शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह भी जारी है। ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी देर रात हुई। वहीं जनवरी में हुई बारिश ने बीते 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अगले 2 दिनों तक बारिश होने के पूरे आसार बने हुए हैं।

लखनऊ का एक्यूआइ 261 पर

बारिश के कारण लखनऊ के वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी गिरावट हुई है। गुरुवार की सुबह राजधानी का एक्यूआइ 261 पर दर्ज किया गया है। बुधवार को यह एक्यूआइ 290 पर दर्ज किया गया था।

पूर्वी यूपी में पड़ सकते हैं ओले
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को भी प्रदेश भर के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी, बौछार और हल्की फुल्की बारिश दिन भर होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम में बारिश का सिलसिला लगभग एक हफ्ते तक यूं ही बना रहेगा।

सिटी तापमान
मेरठ 10 डिग्री
गोरखपुर 13 डिग्री
प्रयागराज 13 डिग्री
लखनऊ 14 डिग्री
वाराणसी 15 डिग्री
कानपुर 15 डिग्री

मेरठ में हुआ 5.8 डिग्री तापमान
​​​​​​​5 जनवरी को मेरठ का न्यूनतम तापमान घटकर 5.8 डिग्री तक पहुंच गया। इस दिन जम्मू में न्यूनतम तापमान 7. 7 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री और न्यूनतम 3. 0 डिग्री, पहलगाम में दिन का अधिकतम तापमान 3. 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 3. 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मनाली में तापमान 3 डिग्री, मसूरी में 6 डिग्री और शिमला में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 7 जनवरी को मेरठ में सुबह 11 बजे तक न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जबकि जम्मू में 10.3, मसूरी में 1.8 तापमान रहा।