उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी-2026) के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया है। आयोग ने पंजीकरण, आवेदन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि एक सितंबर से बढ़ाकर 7 सितंबर कर दी है।
पीईटी-2026 का विज्ञापन आयोग ने एक अगस्त को जारी किया था और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तीन अगस्त से शुरू हुई थी। पहले आवेदन, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि एक सितंबर निर्धारित थी। अब अभ्यर्थी सात सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
नई समय सीमा के अनुसार पीईटी-2026 में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सात सितंबर तक पंजीकरण, निर्धारित शुल्क का भुगतान और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करना होगा। इससे उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिल गया है जो किसी कारण से पहले निर्धारित समय सीमा में आवेदन पूरा नहीं कर सके थे। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ लेते हुए आवेदन समय से पूरा करें और अंतिम दिन का इंतजार न करें।
आठ सितंबर तक कर सकेंगे संशोधन
आयोग ने आवेदन में संशोधन की समय सीमा में बदलाव नहीं किया है। शुल्क समायोजन और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि आठ सितंबर 2026 ही रहेगी। यानी सात सितंबर तक आवेदन सबमिट करने के बाद निर्धारित प्रावधानों के तहत जरूरी संशोधन के लिए अभ्यर्थियों के पास अगले दिन तक का समय होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र सबमिट करने की अंतिम तिथि में बदलाव किया गया है। पीईटी-2026 की आवेदन प्रक्रिया, शुल्क, चयन का आधार, पात्रता और अन्य शर्तें पूर्व में जारी विज्ञापन के अनुसार ही रहेंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय मूल विज्ञापन में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
