डीसीपी मो. मुश्ताक के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-6.0, छात्राओं ने संभाली पुलिस अधिकारियों और 10 थानों की कमान

Lucknow
  • छात्रा रिया कुमारी को एक दिन के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी बनाया गया
  • मिशन शक्ति फेज-6.0: लखनऊ में छात्राओं ने संभाली पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की कमान : पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक
  • मिशन शक्ति फेज-6.0: लखनऊ में छात्राओं ने संभाली पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की कमान, जनसमस्याओं के निस्तारण की सीखी प्रक्रिया

लखनऊ। महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत 14 अक्टूबर 2026 को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं को एक दिन के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर और दक्षिणी जोन के 10 थानों में थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों की भूमिका निभाते हुए जनसमस्याओं को सुना और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

  • रिया कुमारी बनीं पुलिस उपायुक्त, अवन्तिका वर्मा ने संभाली अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशों तथा शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक और अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के निर्देशन में किया गया। श्री कृष्ण दत्त एकेडमी (एसकेडी) डिग्री कॉलेज की बीएफए द्वितीय वर्ष की छात्रा रिया कुमारी को एक दिन के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी बनाया गया। वहीं, एसकेडी इंटर कॉलेज की कक्षा-11 की छात्रा अवन्तिका वर्मा ने अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी की जिम्मेदारी संभाली। दोनों छात्राओं ने संबंधित कार्यालयों में आए फरियादियों और आगंतुकों की समस्याएं सुनीं तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को समझा।

  • रश्मि मिश्रा ने संभाली एसीपी कृष्णानगर की भूमिका

इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की द्वितीय वर्ष की छात्रा रश्मि मिश्रा को एक दिन के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), कृष्णानगर बनाया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों और आमजन की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को पुलिस अधिकारियों के निर्णय लेने की प्रक्रिया और जनसेवा में उनकी भूमिका को समझने का अवसर मिला।

  • दक्षिणी जोन के 10 थानों में छात्राओं ने संभाली कमान

मिशन शक्ति अभियान के तहत दक्षिणी जोन के 10 थानों में छात्राओं को एक दिन के लिए थाना प्रभारी नामित किया गया। इनमें थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में अदिति अवस्थी, थाना नगराम में आयुषी शुक्ला, थाना निगोहां में रितिका श्रीवास, थाना मोहनलालगंज में आध्या मिश्रा, थाना बंथरा में संस्कृति जायसवाल, थाना गोसाईगंज में विजय लक्ष्मी, थाना पीजीआई में दिव्यांशी सिंह, थाना सरोजनीनगर में आकांक्षा, थाना बिजनौर में आकांक्षा मिश्रा और थाना कृष्णानगर में समीक्षा मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्राओं ने अपने-अपने थानों में पुलिस अधिकारियों की भूमिका को समझते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

  • साइबर हेल्प डेस्क से लेकर मिशन शक्ति केंद्र तक की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पुलिस थानों और कार्यालयों की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से परिचित कराया गया। उन्होंने जनशिकायतों को सुनने, उनके निस्तारण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय और यातायात प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। थाना निगोहां में छात्रा ने मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क और जीडी कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को पुलिस की जनहितकारी सेवाओं और नागरिकों की सुरक्षा में उसकी भूमिका को समझने का अवसर मिला।

  • आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना अभियान का उद्देश्य

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आयोजित इस पहल का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने के कौशल को प्रोत्साहित करना है। साथ ही, उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।