रूसी हमले की वजह से अब 45 लाख लोगों ने छोड़ा यूक्रेन

Uncategorized

(www.arya-tv.com) रूस-यूक्रेन जंग के 45 से ज्यादा दिन हो चुके हैं। इन दिनों में यूक्रेन के शहरों पर जो तबाही बरपी है उनसे पूरी मानवता को झकझोर दिया है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध शुरू के बाद से 45 लाख लोग यूक्रेन देश छोड़ चुके हैं। जिनमें 25 लाख से ज्यादा पड़ोसी देश पोलैंड पहुंचे हैं, जबकि बाकियों ने रोमानिया, हंगरी और मोल्दोवा का रुख किया।

दूसरी तरफ वर्ल्ड बैंक का अनुमान है कि इस साल यूक्रेन की अर्थव्यवस्था लगभग आधी हो चुकी है। 10 अप्रैल को जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, जंग की वजह से यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को 45% से ज्यादा का नुकसान हुआ। वहीं, दुनिया भर के प्रतिबंधों से रूस की GDP में 11.2% गिरावट का अनुमान है।

आज मॉस्को पहुंचेंगे ऑस्ट्रिया के चांसलर
ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर 11 अप्रैल यानी आज मॉस्को जाएंगे। इससे पहले उन्होंने 9 अप्रैल को कीव का दौर भी किया था। युद्ध शुरू होने के बाद चांसलर कार्ल नेहमर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मिलने वाले यूरोपियन यूनियन के पहले नेता होंगे।

डोनबास पर फिर हमले की तैयारी में रूस
यूक्रेन के जनरल स्टाफ का कहना है कि रूस डोनबास में डिफेंस लाइन को तोड़ने के लिए हमले की तैयारी कर रहा है। उनका फोकस पोपसना, रुबिजने और न्याजने जैसे शहरों को कब्जाने पर है। इसके अलावा यूक्रेनी सेना के मुताबिक, रूस खार्किव पर एक फिर से हमला करना शुरू कर सकता है।

लुहांस्क का इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह बर्बाद
लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई का कहना है कि रूसी हमले की वजह से शहर का बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। 10 अप्रैल को भी रूसी हमले की चपेट में आकर दो रिहायशी इमारतें और एक क्लिनिक डैमेज हो गया।