10 फरवरी को होगा कार्य बहिष्कार : उ.प्र. स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ

Lucknow

(www.arya-tv.com)उ0प्र0 स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि महासंघ द्वारा प्रदेश के स्थानीय निकाय (नगर निगम/नगर पालिका/नगर पंचायत/जलकल-जल संस्थान) कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं एवं 13 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार सरकार/शासन स्तर पर अवगत करया गया है। इसके बावजूद सरकार और शासन द्वारा इन मामलों पर आजतक कोई भी सकारात्मक निणर्य नहीं लिया गया है।

इसी कारण महासंघ द्वारा पूरे प्रदेश में लगातार दिन के हिसाब से नगर निगमों में ईकाईयों से वार्ता कर भ्रमण किया जायेगा। जिसमें 9 जनवरी को शाहजहाॅपुर, 16 जनवरी को कानपुर, 18 जनवरी को गाजियाबाद और मेरठ तथा 19 जनवरी को सहारनपुर में, 25 जनवरी को अयोध्या नगर निगम,28 जनवरी को मथुरा-वृन्दावन में वार्ता कर भ्रमण किया जायेगा। साथ ही 10 फरवरी को लखनऊ नगर निगम सहित प्रदेश की सभी ईकाईयों में प्रातः 11 बजे से धरना/प्रदर्शन/कार्य बहिष्कार आदि के माध्यम से पुनः प्रदेश सरकार एवं शासन का ध्यानाकर्षण कराया जायेगा जिससे आम जनमानस को होने वाली परेशानी की सम्पूर्ण जिम्मेदारी उ.प्र. सरकार/शासन की होगी। मीडिया वार्ता में अध्यक्ष शशि मिश्रा, कार्यवाहक अध्यक्ष रमाकान्त मिश्रा, प्रदेश महामंत्री राकेश अग्निहोत्री, कैसर जहां उपस्थित रहे।