वेलिंगटन। तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से यहां शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की शृंखला के लिए शनिवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया। जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए टीम से रिलीज (टीम से हटा लेना) कर दिया गया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ”पुरुष चयन समिति ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर 2026 से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की शृंखला के लिए भारतीय टीम में गुरनूर बरार को शामिल किया है।”
कुलदीप OUT, ऋषभ पंत जुड़े
बयान के अनुसार, ”कुलदीप यादव को भारत में जारी घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए टेस्ट टीम से रिलीज किया जाएगा।” टेस्ट टीम में चयन के बाद बरार रविवार को माउंट मोनगानुई में होने वाले पांचवें और अंतिम एकदिवसीय मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के तेज गेंदबाजों के अनुकूल होने के कारण कुलदीप को दो टेस्ट मैच की अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना नहीं थी।
भारत का अपडेटेड टेस्ट स्क्वाड
बीसीसीआई ने यह भी बताया कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बेसिन रिजर्व में होने वाले मुकाबले से पहले टीम से जुड़ गए हैं। भारत की संशोधित टेस्ट टीम: शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार।
टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटे गिल और राहुल
कप्तान शुभमन गिल ने वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों के बाद ही टेस्ट सीरीज पर ध्यान केंद्रित कर दिया था। उनके अलावा अंशुल कंबोज और केएल राहुल भी वनडे टीम का साथ छोड़कर टेस्ट की तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं, टेस्ट टीम में शामिल किए गए तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के लिए यह दौरा खास साबित हो सकता है। बराड़ ने अब तक केवल वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। अपने 13 वनडे मुकाबलों में वह 23 विकेट हासिल कर चुके हैं।
अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले बराड़ को लंबे कद का भी फायदा मिलता है। उनकी गेंदों में अच्छा उछाल देखने को मिलता है, जो न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भारतीय टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। अब टेस्ट टीम में जगह मिलने के बाद सभी की नजरें उनके संभावित टेस्ट डेब्यू पर रहेंगी।
