यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी चलती बस: 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार, कूदकर बचाई जान

# ## UP

यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब राया कट पुल के ऊपर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण एक चलती यात्री बस अचानक आग का गोला बन गई। बस से ऊंची लपटें उठती देख भीतर बैठे करीब 40 यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई, हालांकि इस भीषण अग्निकांड में पूरी बस और यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दिल्ली से छतरपुर जा रही थी यात्रियों से भरी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रेवल्स की एक निजी बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस को नौगांव, छतरपुर निवासी चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल चला रहा था। शनिवार देर रात जब बस थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे स्थित राया कट पुल के ऊपर पहुँची, तभी अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावह लपटें देख यात्रियों में दहशत फैल गई और वे जान बचाने के लिए तुरंत बस से नीचे उतर गए। यात्री अपनी जान बचाने में तो सफल रहे, लेकिन अपना बैग और अन्य कीमती सामान बाहर नहीं निकाल सके, जो आग की भेंट चढ़ गया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने बुझाई आग
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1:38 बजे पीआरवी 5840 को एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही राया थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर
पहुँचे और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुँची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।