जमीन की पैमाइश के बाद भी नहीं थमा सीमा विवाद, खाली पड़ी जमीन पर कब्जे की आशंका; पीड़ित ने समाधान दिवस पर स्थलीय निरीक्षण की मांग की

Lucknow UP
  • कौशल यादव पत्रकार सीतापुर

सीतापुर। तहसील महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम सराय खेतमानी में जमीन की सीमा को लेकर विवाद का मामला एक बार फिर सामने आया है। न्यायालय के आदेश और पूर्व में कराई गई सीमांकन आख्या के बावजूद विवादित भूमि की पूरी पैमाइश न होने का आरोप लगाते हुए अवनीश कुमार पुत्र रामकुमार ने थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराकर सीमांकन पूरा कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, आवेदक की गाटा संख्या 549 में 0.203 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इस भूमि के सीमांकन के संबंध में राजस्व निरीक्षक की ओर से 16 नवंबर 2022 को आख्या तैयार की गई थी। इसके बाद न्यायालय उपजिलाधिकारी महमूदाबाद ने वाद संख्या 5500/2022 में 16 अप्रैल 2024 को अंतिम आदेश पारित किया था।

आवेदक का कहना है कि आदेश के अनुसार विवादित भूमि के अन्य सीमांकन बिंदुओं 01, 02, 04 और 05 की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन पूरे विवाद की मुख्य वजह बने बिंदु संख्या 03 का सीमांकन अब तक अधूरा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गाटा संख्या 549 और आबादी की गाटा संख्या 560 के मिलान वाले बिंदु संख्या 03 पर गाटा संख्या 560 का कुछ हिस्सा खाली पड़ा है, जहां न तो कोई मकान है और न ही निर्माण संबंधी बाधा। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष के कुबेर सिंह, रामकुमार आदि द्वारा इस स्थान पर विवाद खड़ा किया जा रहा है।

आवेदक ने आशंका जताई है कि खाली पड़ी जमीन का नाप कराकर सीमांकन पूरा नहीं होने से उसकी भूमि पर अवैध कब्जे की स्थिति बन सकती है और विवाद लगातार बढ़ सकता है। उन्होंने थाना समाधान दिवस में मांग की है कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर बिंदु संख्या 03 का निष्पक्ष सीमांकन कराए, गाटा संख्या 549 की पूरी भूमि की पैमाइश कराकर उसे स्पष्ट रूप से चिह्नित करे तथा न्यायालय के आदेश के अनुरूप अन्य सीमांकन बिंदुओं पर भी मेड़बंदी कराई जाए। साथ ही विपक्षी पक्ष को भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध हस्तक्षेप या कब्जा करने से रोकने की कार्रवाई की जाए। प्रार्थना पत्र के साथ न्यायालय का अंतिम आदेश, राजस्व निरीक्षक की सीमांकन आख्या और सीमांकन का नजरी नक्शा भी संलग्न किया गया है।

अब देखना होगा कि पुलिस और राजस्व विभाग इस मामले में संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराकर वर्षों से चले आ रहे सीमा विवाद का समाधान कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं। इस प्रकरण में थानाअध्यक्ष लल्ला गोस्वामी एवं लेखपाल वंदना पांडे ने पीड़ित पक्ष को निस्तारण का आश्वासन दिया है।