उत्तराखंड महोत्सव में संस्कृति, स्वाद और परंपरा का संगम, सोशल मीडिया पर छाया महोत्सव का रंग

# ## Lucknow

पावन गोमती तट पर भारतीय लोक संस्कृति की परंपराओं लोक कलाओं तथा लोक विधाओं का अद्वितीय संगम 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चरितार्थ हो रहा है। गुनगुनी ठंडक के साथ सुहावना होता मौसम का मिजाज, लजीज खाने की खुशबू, शानदार अत्याधुनिक तरीके से सजाए मंच पर चल रहे विविध कार्यक्रम किसी बड़े महोत्सव में होने का एहसास दिलाते हैं ।

पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन गोमा तट बीरबल साहनी मार्ग पर महोत्सव के पंचम दिवस शुक्रवार के अवसर पर मुख्य अतिथि लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल रहीं। प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा नीरज सिंह एवं क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कौश्तुभानन्द चन्दौला को शैलेश मटियानी स्मृति सम्मान-2026, सुरेन्द्र राजेश्वरी को चन्द्र सिंह राही स्मृति सम्मान-2026 एवं राजेन्द्र सिंह कनवाल को हरी दत्त पाण्डे स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

कई तरह के स्टाल हैं लगे

महोत्सव में समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र पाण्डेय , महासचिव उत्तम सिंह बिष्टएवं कोषाध्यक्ष रघुवर सिंह बरगली के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने को डांस उत्तराखण्ड डांस, मातृशक्ति का पारंपरिक झोड़ा नृत्य, पुरुषों का झोड़ा तथा पारंपरिक होली कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। वहीं मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सिंह कनवाल ने बताया कि विविध स्टॉलों पर साड़ी, प्योर उलन स्वेटर, शॉल, गर्म कपड़े, कश्मीरी शॉल सूट, सदरी आदि तथा स्पेशल धूप-अगरबत्ती, पूजा सामग्री का स्टॉल भी है।

उत्तराखंड के जैविक खाद्य पदार्थ जैसे मुनस्यारी की राजमा, भट्ट की दाल, गहत की दाल, चंपावत के लहसुन, बुरांश के फूल का रस, मूली, गेठी, गडेरी, अल्मोड़ा की सुप्रसिद्ध बाल मिठाई सिंगोड़ी और चॉकलेट, कुमाऊं ज्वेलर्स के स्टॉल पर उत्तराखंड की ज्वेलरी जैसे नथ, पॉजिये, गलोबन्द, मांग टीका, पिछौड़ा ऐपण व स्टोल आदि तथा कंबल, कारपेट, डोरमैट एवं खान पान के स्टाल आदि के स्टॉल भी हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत एकल गायन प्रतियोगिता में 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें आध्या सिंह प्रथम, रेनुलता कौल द्वितीय, कृष्णा तृतीय रहे।सामान्य झोड़े की प्रस्तुति में दमयन्ती नेगी के नेतृत्व में गंगोत्री विहार, गोमती नगर के दल ने सुन्दर अभिनय किया। वहीं प्रथम बार हो रही पुरूष झोड़ा प्रतियोगिता के अन्तर्गत राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रामलीला समिति तेलीबाग की सुन्दर प्रस्तुति दी।

संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से ख़ुशी, आगरा के नेतृत्व में आये दल ने मयूर लोकनृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों का दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जबकि स्टार नाईट में उत्तराखण्ड के लोकप्रिय गायक चन्दन मेहरा द्वारा बेहतरीन गानों से गोमा तट में शाम सजाई।