36 साल पहले माता-पिता की हत्या के बाद शुरू हुई बेटियों की इंसाफ की लड़ाई अब भी जारी है। इस दौरान मुकदमे की फाइल अदालत से गायब हो गई, गवाहों और साक्ष्यों से जुड़े दस्तावेज दोबारा जुटाने पड़े और केस की पैरवी कर रही बेटी पर जानलेवा हमला भी हुआ। इसके बावजूद जैन दंपती की बेटियों ने मुकदमे की पैरवी नहीं छोड़ी। अब इस मामले में एक बार फिर सुनवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है, हालांकि आरोपी पक्ष की ओर से दाखिल याचिका के चलते कानूनी अड़चन बनी हुई है।
मामला वर्ष 1990 में हुए लकड़ी कारोबारी नरेश चंद्र जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन की हत्या का है। 11 जून की रात सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर दोनों की हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय उनकी बेटियां भी घर में मौजूद थीं। आरोप है कि पीलीभीत बाईपास स्थित जैन धर्मकांटे की संपत्ति हड़पने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। मामले में पप्पू गिरधारी समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था।
2013 में गायब हो गई थी मुकदमे की फाइल
इस मुकदमे की सुनवाई के दौरान वर्ष 2013 में अदालत से पत्रावली गायब हो गई थी। इसके बाद मुकदमे से जुड़े उपलब्ध दस्तावेज, गवाहियों और साक्ष्यों के आधार पर पत्रावली के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध दस्तावेज दोबारा जुटाकर अदालत में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। धारा 313 के तहत अभियुक्तों के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया से जुड़े साक्ष्य भी जमा किए गए हैं।
फिर दस्तावेज मांगकर सुनवाई रोकने की कोशिश का आरोप
मुकदमे में आरोपी पप्पू गिरधारी ने सत्र न्यायालय के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उसकी ओर से दलील दी गई है कि मुकदमे की पत्रावली का पुनर्गठन अभी पूरा नहीं हुआ है। साथ ही दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में विवादित जमीन के बैनामे की सत्यापित प्रति और अन्य संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
वहीं, अभियोजन पक्ष का कहना है कि गवाहों के बयान के दौरान संबंधित दस्तावेज अदालत में सत्यापित कराए जा चुके हैं। ऐसे में दोबारा दस्तावेज मांगने से मुकदमे की सुनवाई में देरी हो रही है। अभियोजन पक्ष ने हाईकोर्ट से याचिका पर शीघ्र सुनवाई की मांग की है, ताकि बरेली की अदालत में आगे की कार्रवाई हो सके।
पुष्पा जैन बनकर रजिस्ट्री कराने वाली पूनम तीन साल से लापता
हत्याकांड में पूनम उर्फ सुनीता उर्फ गुड्डी का नाम भी प्रमुख आरोपियों में शामिल है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, विवादित जमीन की रजिस्ट्री के दौरान पूनम ही रजिस्ट्री कार्यालय में पुष्पा जैन बनकर पहुंची थी और बैनामा कराया था। वह बदायूं की निवासी बताई जाती है, लेकिन पिछले तीन साल से अदालत में पेश नहीं हुई है। उसकी मौजूदा स्थिति और ठिकाने के बारे में भी अदालत को जानकारी नहीं है। उसकी गैरमौजूदगी के कारण भी मुकदमे की सुनवाई प्रभावित हो रही है।
बेटियों ने जेल और अदालत में पहचाने थे आरोपी
नरेश चंद्र और पुष्पा जैन की बेटियां प्रगति, प्रेरणा और वरुणा जैन ने जेल में शिनाख्त के दौरान आरोपियों की पहचान की थी। अदालत में गवाही के दौरान भी उन्होंने अभियुक्तों को पहचाना। मुकदमे में शुरुआत में 14 आरोपी थे, जिनमें से अब सात आरोपी शेष बताए जा रहे हैं। पप्पू गिरधारी, बजरूद्दीन, योगेश, साबिर, नरेश और हरपाल समेत सात लोगों पर वारदात में शामिल होने के आरोप हैं। विवेचना के दौरान फिंगर प्रिंट, हस्तलेख और अंगूठों के निशान का मिलान भी कराया गया था। लखनऊ स्थित फिंगरप्रिंट ब्यूरो की रिपोर्ट को भी साक्ष्यों में शामिल किया गया है।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि दस्तावेज पहले ही सत्यापित हो चुके हैं। अब हाईकोर्ट में याचिका पर शीघ्र सुनवाई होने से बरेली की अदालत में मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो सकता है।
