महिला वकील का घर के बाहर मर्डर:सिर में सटाकर गोली मारी, 20 दिन पहले IG से की थी शिकायत

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com)  मेरठ में बुधवार सुबह महिला वकील की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। गेट पर ही हमलावरों ने सिर में गोली मारी। सुबह 6.30 बजे खून से लथपथ लाश देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना टीपीनगर इलाके की न्यू मेवला कॉलोनी की है। मृतका का नाम अंजली गर्ग था। उम्र 35 साल थी।

पड़ोसियों ने बताया कि अंजली दूध लेने सुबह जाती थी। वह दूध लेकर लौट रही थी। गेट का ताला भी नहीं खोल पाई थी, तभी हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। महिला ने 20 दिन पहले यानी 18 मई को मेरठ आईजी से शिकायत की थी। इसमें अपनी हत्या की साजिश होने की आशंका जताई थी।

तलाक के बाद अकेली रहती थी, पति-ससुर हिरासत में
टीपीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि अंजली की शादी चार्टर्ड एकाउंटेंट नितिन गर्ग से हुई थी। वह दिल्ली में नौकरी करता था। हालांकि, अंजली का पति से विवाद हो गया। 3 साल पहले तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वह घर में अकेली रहती थी। अंजली कचहरी में वकील थीं। पड़ोसियों के मुताबिक, उनका पति और ससुर से 7-8 साल से मकान को लेकर विवाद चल रहा था।

अभी जिस घर में अंजली रहती थी, वह मकान उसके ससुर पवन गर्ग का है। इसमें वो पति और परिवार की मर्जी के बगैर रह रही थी। वहीं, एसपी सिटी ने बताया कि मकान विवाद को लेकर दोनों पक्ष यानी अंजली और उसके ससुर पवन लगातार एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे रहे थे। दोनों पक्षों को पुलिस ने पांबद किया था।

प्रोफेशनल शूटर्स ने वारदात को दिया अंजाम?
पुलिस अफसर इस मामले में अभी कुछ नहीं बोल रहे हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जिस तरीके से महिला को गोली मारी गई है। वह प्रोफेशनलर्स शूटर्स का काम लग रहा है। क्योंकि, सीधे सिर में गोली मारी गई। ऐसे में सुपारी किलिंग के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।उधर, महिला वकील की हत्या के मामले में मेरठ कचहरी में आज काम नहीं होगा। मेरठ बार एसोसिएशन ने वकीलों की इमरजेंसी सभा बुलाई। इसमें वकीलों ने आज कार्य नहीं करने का ऐलान किया है। वकील लामबंद होकर जिला जज के यहां पहुंचे। इसके बाद कचहरी में कंडोलेंस किया जाएगा। कंडोलेंस के बाद सभी वकील मिलकर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मुलाकात करेंगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष केपी शर्मा ने कहा महिला वकील की हत्या का जल्द से जल्द खुलासा होना चाहिए।