पाकिस्तान की मरीन ने गुजरात की समुद्री सीमा से दो दिन में 75 भारतीय मछुआरों को अगवा किया

National

(www.arya-tv.com)पाकिस्तानी मरीन ने शनिवार को गुजरात में पोरबंदर की समुद्री सीमा पर 35 भारतीय मछुआरों को अगवा कर लिया है। ये मछुआरे छह बोट पर सवार थे। इससे पहले शुक्रवार रात को भी 40 भारतीय मछुआरों को अगवा किया गया था। इन घटनाओं से गुजरात के मछुआरों में दहशत का माहौल है।

बंदूक की नोंक पर किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, मछुआरे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी समुद्री सीमा के पास से पाक मरीन के सैनिक बड़े स्टीमर से पहुंचे और बंदूक की नोंक पर नाविकों को समर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया।

पोरबंदर माछीमार बोट एसोसिएशन के पूर्व प्रमुख मनीष लोढारी ने कहा कि अरब सागर में पाकिस्तान मरीन सिक्योरिटी दिन-ब-दिन बेकाबू हो रही है। पेट भरने के लिए अब इंसान जाए तो कहां जाए, हमारे सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

एक महीने में अपहरण की यह 5वीं घटना
जानकारी के अनुसार, बोटों का अपहरण कर कराची की ओर ले जाया गया है। जिन मछुआरों का शनिवार को अपहरण किया गया वे पोरबंदर, वेरावल और ओखा के हैं। एसोसिएशन के पूर्व प्रमुख ने बताया कि पाकिस्तान मरीन ने पिछले एक महीने में 5वीं और हफ्ते में तीसरी बार अपहरण की घटना को अंजाम दिया है।

इन पांच घटनाओं में 145 मछुआरों को अगवा किया जा चुका है। इसमें 15 बोट पोरबंदर, ओखा और वेरावल की हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इस तरह की हरकत रोकने के लिए सरकार पर दबाव डालना चाहिए मछुआरों और नावों को छुड़ाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।