अटल के सपनों को नया आकार देगा सुदर्शनपुरी का कल्याण मंडप : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • अटल के सपनों को नया आकार देगा सुदर्शनपुरी का कल्याण मंडप : डॉ. दिनेश शर्मा
  • ढाई करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण, क्षेत्र को मिलेंगी आधुनिक जनसुविधाएं
  • बाल्मीकि और धानुक समाज के सम्मान का प्रतीक बना कल्याण मंडप

लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण मंडप केवल एक भवन नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता के कल्याण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कल्याण मंडप की अवधारणा शुरू की थी। सुदर्शनपुरी कॉलोनी, जो सफाई कर्मचारियों और धानुक समाज की बड़ी बस्ती है, वहां सबसे पहले कल्याण मंडप का निर्माण कराया गया था।

संत सुदर्शनपुरी, ऐशबाग स्थित नगर निगम कल्याण मंडप के पुनर्निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अटल शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनके सीएसआर फंड से लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडप का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना की कार्यदायी संस्था नगर निगम होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में नगर निगम राजधानी में लगातार विकास कार्य कर रहा है।

  • भाजपा सरकार के विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जनता को भरोसा

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करती है, उनका उद्घाटन भी करती है और कार्यों की गुणवत्ता ऐसी होती है कि जनता वर्षों तक उसका लाभ उठाती रहती है। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि राजनाथ सिंह के सांसद कार्यकाल में लखनऊ में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए थे और आज भी उसी गति से विकास जारी है।

उन्होंने सुदर्शनपुरी कॉलोनी में छह सोलर लाइट, एक हाईमास्ट लाइट तथा एक वाटर कूलर लगाए जाने के निर्देश भी दिए। वहीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि 15 नवंबर तक कल्याण मंडप का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

  • सामाजिक समरसता और सम्मान का संदेश

डॉ. शर्मा ने कहा कि धानुक और कनौजिया धोबी समाज के लोग उनके लिए परिवार के समान हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे समाज की कल्पना करते थे जहां लोग जात-पात से ऊपर उठकर एक साथ रहें। उन्होंने कहा कि आज इस क्षेत्र के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं और भाजपा सरकार में यहां के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुंभ के दौरान बाल्मीकि और धानुक समाज के लोगों के चरण धोकर पूरे देश को सम्मान और समानता का संदेश दिया था। यह समाज देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

  • नगर निगम का अनुभव राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी सीख

डॉ. दिनेश शर्मा ने नगर निगम के अनुभव को अपने राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी सीख बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति नगर निगम में अच्छा कार्य करता है, वह सार्वजनिक जीवन में भी हमेशा बेहतर कार्य करता है।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुन्ना सिंह धानुक, हडको के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार, भाजपा विधायक प्रत्याशी रजनीश गुप्ता बॉबी, क्षेत्रीय पार्षद संदीप शर्मा, पार्षद अजय दीक्षित, पार्षद राहुल मिश्र, पार्षद राजीव त्रिपाठी, पूर्व पार्षद साकेत शर्मा, सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद रंजीत धानुक, मंडल अध्यक्ष मनोज रस्तोगी, भाजपा नेता सतीश मिश्रा, ओम प्रकाश, राज विमल, सुनील धानुक, हरीश कनौजिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।