स्टेडियम रोड के पास स्थित एक संस्था के स्कूल में छात्र के बाल काटे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। परिवार का आरोप है कि खुद प्रिंसिपल ने जबरन काटे, जिसकी वजह से बेटा तनाव में आ गया। अभिभावक बुधवार को मामले की शिकार पुलिस-प्रशासनिक अफसरों से कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
मॉडल टाउन के रहने वाले मदन गोपाल भाटिया ने बताया कि उनका पुत्र भाटिया स्टेडियम रोड स्थित नामी स्कूल में 11 कक्षा का छात्र है। मंगलवार की सुबह बेटा स्कूल गया था। छु्ट्टी के बाद वह घर लौटा तो बहुत उदास और परेशान था। परिजनों ने परेशानी का कारण पूछा तो आपबीती सुनाई। घरवालों को उसने बताया कि क्लास में स्कूल की प्रिंसिपल ने आकर उससे कहा कि बाल क्यों बड़े है। मंगलवार होने के कारण छात्र ने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए अगले दिन बाल कटवाने की बात भी कही थी।
आरोप है कि इसके बावजूद स्कूल प्रिंसिपल ने यश को अन्य छात्रों से पकड़वाकर जबरन उसके बाल काट दिए। जानकारी मिलने पर परिजनों में नाराजगी फैल गई। उनका कहना है कि छात्र की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी की गई है। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। मदन गोपाल भाटिया ने बताया कि स्कूल में बेटे के साथ हुई घटना के बाद पूरा परिवार वह तनाव में है। बुधवार को वह अफसरों से मिलकर शिकायत करेंगे। स्कूल प्रबंधन का इस मामले में पक्ष जानने के लिए प्रिंसिपल से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
