दानिश, शाहरुख और हसमत मेरठ यूपी में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, शिव मंदिर चोरी का सामान बरामद, दो आरोपी घायल

# ## Meerut Zone

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में शिव मंदिर से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस तथा चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (ब्रह्मपुरी) राम प्रकाश ने बताया कि बीते 17 नवंबर को परतापुर थाना क्षेत्र के शंकर नगर फेस-2 स्थित शिव मंदिर से इनवर्टर, बैटरी, घंटा, शेषनाग की मूर्ति, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

महरौली बंबा क्षेत्र में पुलिस पर चलाई गोली, घेराबंदी कर पकड़े गए तीनों आरोपी

क्षेत्राधिकारी के अनुसार महरौली बंबा क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया गया, जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आम के एक बाग के पास तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतमबुद्धनगर निवासी दानिश (24), मेरठ के परतापुर क्षेत्र के बराल गांव निवासी शाहरुख (26) और ब्रह्मपुरी निवासी हसमत (50) के रूप में हुई है।

चोरी का सामान व असलहा बरामद, बाइक फिसलने से दो आरोपी घायल

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दानिश के पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक खोखा कारतूस मिला, जबकि शाहरुख और हसमत के कब्जे से दो कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी हुआ इनवर्टर, बैटरी, दो कलश और नाग देवता की मूर्ति बरामद कर ली गई है तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक पीछा किए जाने के दौरान बाइक फिसलने से दानिश के बाएं पैर और शाहरुख के बाएं हाथ में चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जांच में सामने आया है कि दानिश के विरुद्ध गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में चोरी के दो मामले तथा हसमत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस मंदिर से चोरी हुए शेष सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।