सपा को सिर्फ सत्ता की लालच-भूपेंद्र चौधरी

Lucknow

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया की वह उत्तर प्रदेश को जातीय वैमनस्यता की आग में झोकनें की साजिश कर रही है। सपा को सिर्फ सत्ता और सिंहासन का लालच है। सपा दलितों, शोषितों, पीड़ितों, वंचितों, गरीबों की कभी हित-चिन्तक नही रही। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता की लालच में समाजवादी पार्टी किसी भी स्तर पर जा सकती है। सपा की ना तो कोई नीति है ना सिद्धांत, चुनाव नजदीक आते ही सपा को गठबंधन याद आने लगते हैं और फिर बाद में अपनी असफलताओं का ठीकरा दलितों, पिछड़ों, शोषितों, और गरीबों पर मढ़कर उन्हें अपनी हार के लिए दोषी बताते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की हमेशा से देवी-देवताओं के खिलाफ बोलने और तुष्टिकरण को बढावा देने की रणनीति रही है। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले अपने सिपहसालार के साथ मिलकर जिस तरह के नारे उन्होंने अपनी सभा में लगवाये उससे सपा का मूल चरित्र जनता के सामने आया है। उन्होंने कहा कि दलित, पिछडे़, शोषित, वंचित, युवाओं, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्ग के लोगों के मन से समाजवादी पार्टी के कुशासन का भय अभी भी निकला नहीं है। राज्य की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार लोककल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। आगामी नगरीय निकाय के चुनाव और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना मत देकर सफलता दिलाएगी।