सपा ने गोरखपुर से एक्ट्रेस काजल को उतारा:8 मेयर प्रत्याशियों का ऐलान, लखनऊ से बंदना मिश्रा को टिकट

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) निकाय चुनाव के लिए सपा ने पहले चरण के लिए 8 महापौर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान बुधवार देर रात कर दिया। इसमें लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, झांसी, मेरठ, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद और अयोध्या शामिल हैं। लखनऊ से सपा नेता रमेश दीक्षित की पत्नी बंदना मिश्रा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि गोरखपुर से सपा ने एक्ट्रेस काजल निषाद पर दांव खेला है। झांसी से रघुवीर चौधरी को मेयर प्रत्याशी बनाया है।

वहीं, कांग्रेस ने भी दो मेयर प्रत्याशी के नाम देर रात घोषित किए। वाराणसी से अनिल कुमार श्रीवास्तव और कानपुर से आशनी अवस्थी को महापौर का उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की तरफ से इसका ऐलान किया गया। फिलहाल, अब सभी दलों की निगाहे बीजेपी के उम्मीदवारों के नामों पर हैं। बसपा के भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान अभी नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, बसपा अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान गुरुवार शाम तक कर सकती है।

JNU से पढ़ी है बंदना, दलित आदिवासियों के लिए करती थी काम
बंदना लखनऊ विश्वविद्यलाय के रिटायर्ड प्रो. रमेश दीक्षित की पत्नी हैं। जेएनयू से ग्रेजुएशन किया है। छात्र जीवन में लेफ्ट संगठन के संपर्क में रही है। एक सामाजिक संगठन के साथ वो दलित आदिवासियों के लिए काम करती रही हैं। इस वक्त लखनऊ के गोमतीनगर में रहती हैं। प्रोफेशनल लाइफ में एक अखबार के साथ जर्नलिस्ट रही हैं।

गोरखपुर से काजल निषाद
सपा ने गोरखपुर से मेयर पद के लिए फिल्म अभिनेत्री काजल निषाद को प्रत्याशी बनाया है। आरक्षण सूची में गोरखपुर की सीट सामान्य है। ऐसे में अखिलेश ने निषाद वोट बैंक और पिछड़ा कार्ड खेलते हुए महिला प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया। काजल निषाद भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री हैं। जन्म मुंबई शहर में हुआ। माता-पिता कच्छ गुजरात से हैं लेकिन और मुंबई में बस गए हैं।

काजल ने गोरखपुर के भऊआपार गांव के रहने वाले भोजपुरी फिल्म निर्माता संजय निषाद से शादी की है। विधानसभा चुनाव 2012 में काजल कांग्रेस के टिकट पर गोरखपुर ग्रामीण से लड़ी थीं पर हार गईं। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने काजल को कैपियरगंज विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था। हालांकि, इस दौरान काजल को भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री फतेह बहादुर सिंह के सामने हार का सामना करना पड़ा। 7 अगस्त 2021 को काजल निषाद को अखिलेश ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।

प्रयागराज से अजय श्रीवास्तव को टिकट
सपा ने प्रयागराज से अजय श्रीवास्तव को महापौर प्रत्याशी बनाया है। अजय शहर के जार्ज टाउन इलाके के रहने वाले हैं। पहले बसपा में थे, 2017 में पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज के साथ सपा का दामन थामा था। अजय का टाइल्स और रियल स्टेट का कारोबार हैं। साल 2002 में अजय ने इलाहाबाद शहर उत्तरी विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, इसमें वह हार गए थे। इसके बाद वह बसपा में ही उन्हें महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अजय श्रीवास्तव कायस्थ के सबसे बड़े ट्रस्ट केपी ट्रस्ट में भी उपाध्यक्ष रहे चुके हैं। अजय साल 2007 से 2012 तक नगर निगम में नामित पार्षद भी रह चुके हैं।

मेरठ से सपा विधायक अतुल प्रधान की पत्नी को टिकट
मेरठ से सपा ने सरधना से विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान को महापौर का टिकट दिया है। सीमा प्रधान के महापौर के टिकट मिलने के बाद मेरठ सीट का चुनाव दिलचस्प माना जा रहा है। सीमा प्रधान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं हैं।

मेरठ में इस बार मेयर की सीट ओबीसी पर आरक्षित हुई है। लेकिन अभी तक सपा और आप दो दलों ने अपने मेयर प्रत्याशियों का ऐलान किया हैं। दोनों ने ही महिलाओं को मैदान में उतारा है। आप ने मेरठ से समाजसेवी ऋचा सिंह को मेयर प्रत्याशी घोषित किया है। ऋचा सिंह का इस चुनाव से राजनीति में आगाज है।