लखनऊ। सरोजनीनगर की धरती से लखनऊ के आवासीय एवं शहरी विकास को नई गति देने वाली करीब 12,000 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास हुआ। इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से राजधानी के सुनियोजित विस्तार, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।

- वरुण विहार और नैमिष नगर से राजधानी के सुनियोजित विस्तार को मिलेगी गति
लखनऊ विकास प्राधिकरण की वरुण विहार और नैमिष नगर टाउनशिप के साथ पांच बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं की शुरुआत को डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ के भविष्य के विस्तार की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि वरुण विहार और नैमिष नगर में विभिन्न आय वर्गों के लिए आवासीय अवसरों के साथ आधुनिक शहरी एवं सार्वजनिक सुविधाओं का विकास होगा। मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ को स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित करने की दिशा में उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली को क्षेत्रीय विकास योजना से जोड़ने की बात भी सामने आई है। नैमिषारण्य की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए फोर-लेन संपर्क तथा वरुण विहार क्षेत्र से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी विकसित किए जाने की योजना है।

- एयरपोर्ट, एआई सिटी और औद्योगिक परियोजनाओं से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार, मेट्रो, किसान पथ, ग्रीन कॉरिडोर, अनंत नगर, एयरोसिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी, टाटा की ऑटोमोबाइल परियोजना और अशोक लीलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण परियोजना जैसी गतिविधियां सरोजनीनगर और लखनऊ में औद्योगिक विकास एवं रोजगार के नए अवसरों का आधार तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर तेजी से शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहा है और क्षेत्र में उच्च शिक्षा संस्थानों की मौजूदगी इसकी पहचान को मजबूत कर रही है।
- विकास के साथ किसानों के हित और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
डॉ. सिंह ने विकास परियोजनाओं से जुड़ी भूमि के संबंध में पारदर्शी प्रक्रिया और पात्र परिवारों को सीधे बैंक खातों में मुआवजा उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ लखनऊ के संकल्प को मजबूत किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर की धरती से शुरू हुई यह विकास यात्रा लखनऊ के सुनियोजित विस्तार, आधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर आवासीय सुविधाओं, मजबूत कनेक्टिविटी, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार के नए अवसरों को आगे बढ़ाएगी। सरोजनीनगर की जनता की ओर से उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
