मांगी 1 करोड़ की रंगदारी:तीन दिन पहले ही नैनी जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था

# ## Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) जमानत पर रिहा होते ही माफिया अतीक अहमद के गुर्गे मोहम्मद मुजफ्फर पर एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। उसके खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में FIR दर्ज कराई गई है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

मामला कौशाम्बी के सरायअकिल निवासी रामजीवन की पत्नी आशा देवी से जुड़ा है। आशा देवी के नाम से पूरामुफ्ती में साढ़े तीन बीघा जमीन है। इस पर मुजफ्फर ने कब्जा कर लिया था। इस जमीन पर मुजफ्फर ने ईंट भट्टा शुरू कर दिया था। मुजफ्फर ने नैनी सेंट्रल जेल में रहते हुए कौढ़िहार ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीता। इसके बाद वह चर्चा में आया था। 2021 में आशा देवी ने तत्कालीन एडीजी जोन रहे प्रेम प्रकाश से गुहार लगाई थी। उसके बाद एडीजी के दबाव के बाद थानेदार ने जमीन पर आशा देवी को कब्जा दिला दिया था।

आपको बता दें कि 26 मई को मुजफ्फर जमानत पर जेल से रिहा होकर आया है। आशा देवी के पति राम जीवन का कहना है कि 22 मई को वह कौशांबी से प्रयागराज बाइक से आ रहा था। जैसे मंदर मोड़ के पास पहुंचा कि मुजफ्फर अपने भाइयों के साथ उसका पीछा करना शुरू कर दिया। वह जैसे ही बेगम बाजार के पास पहुंचा उसे सभी ने घेर लिया। इसके बाद धमकी दी कि एक करोड़ रुपया दो नहीं तो जान से मार देंगे। अब उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

2018 में दर्ज हुआ था गो-तस्करी का केस

नवंबर 2018 में मुजफ्फर के खिलाफ नवाबगंज थाने में डीसीएम भरकर प्रतिबंधित मांस बेचने के आरोप में केस दर्ज हुआ था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद मुजफ्फर व 14 अन्य के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच में पहली बार तब पता चला था कि यह कुछ लोगों के साथ संगठित होकर गो-तस्करी का काम करता है।

उसके खिलाफ पुलिस के रिकार्ड में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, भदोही, चंदौली और वाराणसी में 30 मुकदमे दर्ज हैं। यही कारण है कि उसकी पहले 7 जुलाई 2021 को हिस्ट्रीशीट खोली गई और 14 साथियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई थी। वह लंबे समय से गो-तस्करी के कारोबार में शामिल है। उसके गिरोह के खिलाफ पूरामुफ्ती पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वह नैनी जेल में बंद था। अब जमानत पर रिहा है। पुलिस ने उसकी 15 करोड़ की संपत्ति भी कुर्क कर डाली है। इसमें बेशकीमती जमीनें शामिल है।