(www.arya-tv.com)महाराष्ट्र में कोरोनावायरस की बढ़ती संख्या हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अब तक सबसे ज्यादा 47,827 पॉजिटिव मरीज मिले। भारत को छोड़ दिया जाए तो इससे ज्यादा केस सिर्फ अमेरिका (69,986) और ब्राजील (69,662) में ही आए। इसी दौरान 202 लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 55,379 हो गई है। कुल मौतों के मामले में महाराष्ट्र दुनिया में 14वें स्थान पर पहुंच चुका है।
इस बीच शुक्रवार रात को राज्य की जनता को संबोधित करते हुए CM ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र लॉकडाउन के मुहाने पर खड़ा है और 1-2 दिन में बड़ा फैसला संभव है।
कुल मरीजों के मामले में महाराष्ट्र दुनिया में 10वें नंबर पर
राज्य में संक्रमित हुए मरीजों की कुल संख्या 29 लाख 4 हजार 76 हो गई है। इसी के साथ महाराष्ट्र दुनिया में कुल कोरोना मरीजों के मामले में 10वें नंबर पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र से आगे अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस, रूस और ब्रिटेन जैसे देश हैं।
पुणे में आज से मिनी लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए पुणे में आज से एक सप्ताह का मिनी लॉकडाउन लग रहा है। यहां शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगेगा। शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, खाने की दुकानें आदि बंद रहेंगे। सिर्फ होम डिलीवरी को मंजूरी दी गई है। स्कूल कॉलेज को 30 अप्रैल के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ शुक्रवार सुबह उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग और शादियों में सिर्फ 50 लोग ही मौजूद रहने की अनुमति दी गई है।
महाराष्ट्र में फिर से बंद हो सकते हैं मॉल और मंदिर
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने संकेत दिए हैं कि शहर में मंदिर और मॉल फिर से बंद हो सकते हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में सरकार कुछ नए और कठोर कदम उठा सकती है।
महाराष्ट्र में अब बचा सिर्फ 8 दिन का खून
महाराष्ट्र में अब सिर्फ 8 दिनों का स्टॉक ही ब्लड बैंक में बचा हुआ है। यह डराने वाला खुलासा राज्य के मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने किया है। उन्होंने युवाओं से ब्लड डोनेट करने अपील की है।
महाराष्ट्र के मुख्य शहरों में कोरोना
मुंबई: यहां शुक्रवार को कोरोना के 8,832 मामले आए। महामारी की शुरुआत होने के बाद से एक दिन में ये सबसे ज्यादा मामले हैं। इस दौरान 20 मरीजों की मौत भी हुई है, जो 2 दिसंबर 2020 के बाद सबसे अधिक संख्या है। मुंबई में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 लाख 32 हजार 192 हो गई है, जबकि अब तक 11,724 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटों में 5,352 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब तक 3 लाख 61 हजार 043 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
नागपुर: जिले में शुक्रवार को कोरोना के 4,108 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 33 हजार 776 हो गई। 60 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या यहां बढ़कर 5,218 हो गई। इनमें से नागपुर शहर में ही 3,310 लोगों ने जान गंवाई है। इस दौरान 3,214 मरीज ठीक हुए हैं। जिले में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1 लाख 87 हजार 751 हो गई है, जबकि 40,807 मरीजों का इलाज चल रहा है।
पुणे: पिछले 24 घंटों में पुणे में 9,086 नए मरीज मिले, 3,337 मरीज ठीक। 58 की मौत भी हुई। नए संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां अब तक 5 लाख 51 हजार से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। 10,097 लोगों ने जान गंवाई है।