रात में लूटा, सुबह पकड़ा गया; ड्राइवर ने बदमाश को दूसरी वारदात करने से पहले ही दबोचा

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में लूट का शिकार हुए ऑटो चालक की सजगता ने बदमाशों को दूसरी लूट करने से रोक दिया। साथ ही एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बदमाश भाग गया। टेढ़ी बगिया प्रकाश पुरम के संजय खान ऑटो चालक हैं। बुधवार को देर रात करीब दो बजे वो टूंडला सवारियों को छोड़कर वापस लौट रहे थे। कालिंदी विहार में सौदान सिंह डिग्री कॉलेज के मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका ऑटो रुकवाया।

ऑटो रुकते ही बदमाशों ने संजय की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए उसके 1100 रुपए निकाल लिए। लूट के बाद ऑटो चालक संजय टेढ़ी बगिया पहुंचा। वहां पर अपने साथियों और पुलिस को वारदात की जानकारी दी।

सुबह पांच बजे पकड़ा गया बदमाश
संजय खान ने बताया कि सुबह पांच बजे वो कालिंदी विहार की ओर जा रहे थे। आंबेडकर वाटिका के पास उन्होंने देखा कि एक ऑटो के पास दो लोग खडे़ हैं। संजय ने इन दोनों को पहचान लिया। दोनों ने ही रात में उसके साथ लूट की थी। अब वो दूसरी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। संजय ने बिना देर किए एक बदमाश को पकड़ लिया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। इसी बीच एक बदमाश भाग निकला। सूचना पर पुलिस भी आ गई। पकडे़ गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाश के पास से तमंचा और बाइक बरामद की है। ऑटो चालक की सजगता से बदमाश दूसरी वारदात को अंजाम देने में विफल रहे।