Mahendra Singh Tikait Death Anniversary: किसानों के हितों के लिए जिद्दी हो जाते थे बाबा टिकैत, हर वर्ग पर छोड़ी अमिट छाप

Meerut Zone UP
(www.arya-tv.com) Mahendra Singh Tikait भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौ. महेंद्र सिंह टिकैत खेत खलियान और अन्नदाता के उत्थान को चिंतित रहते थे। अनेकों आंदोलन इसके गवाह हैं। उनके आंदोलन की न केवल किसानों बल्कि समाज के हर वर्ग पर अमित छाप पड़ी है। बाबा की तर्कशक्ति बड़ी गजब की थी। जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उनकी इस शैली के कायल थे। आज 15 मई को महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि है। किसानों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे बाबा महेंद्र सिंह टिकैत।
उस वक्‍त बढ़ गया था कद
गांवों में बिजली नहीं मिलने की परेशानी देख चौ. महेंद्र सिंह टिकैत ने 27 जनवरी 1987 को किसानों के साथ करमूखेड़ी बिजलीघर को घेर लिया था। इस आंदोलन के बाद चौ. महेंद्र सिंह टिकैत का कद काफी बढ़ गया था। वहीं 1987 को चौधरी चरण सिंह के देहांत बाद किसान दुखी थे और अंतिम संस्कार दिल्ली में करना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन सरकार ने अनुमति नहीं दी थी। तब बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में किसान दिल्ली में कूच कर गए थे। सरकार को किसानों की बात माननी पड़ी, जिसके चलते दिल्ली के किसान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।