जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे सो रहे पति-पत्नी और उनका आठ वर्षीय बेटा मलबे में दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
सोते समय परिवार पर गिरी दीवार
रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (50) शनिवार तड़के अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के चलते मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। दीवार के नीचे मोहन कश्यप, उनकी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय पुत्र नानू कश्यप दब गए।
अचानक दीवार गिरने से परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे से निकाले गए तीनों, लेकिन नहीं बची जान
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इस्लाम की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और नीमगांव थाना प्रभारी प्रवीर कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाया और तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
लगातार बारिश से कच्चे मकान में हुआ हादसा
जिले में शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है। इसी बीच कच्चे मकान की दीवार गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना पर राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
