कौशाम्बी महोत्सव-2023 का शुभारम्भ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और सीएम योगी ने किया

Lucknow

(www.arya-tv.com)केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशाम्बी में आयोजित एक कार्यक्रम में जनपद के विकास से सम्बन्धित 612.94 करोड़ रुपये की 117 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कौशाम्बी महोत्सव-2023 का शुभारम्भ तथा सांसद खेल स्पर्धा के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। साथ ही, एक स्मारिका का विमोचन भी किया।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कौशाम्बी महोत्सव-2023 के शुभारम्भ कार्यक्रम के अवसर पर कहा कि भगवान बुद्ध और भगवान महावीर के समय में 16 महाजनपदों में से एक महाजनपद वत्स की राजधानी कौशाम्बी हुआ करती थी। उस समय मगध जैसे बहुत बड़े-बड़े जनपदों के विकास के बावजूद कौशाम्बी को सबसे समृद्ध माना जाता था। भगवान श्रीराम व कलिंग विजय के बाद सम्राट अशोक यहां आए थे। उन्होंने कौशाम्बी की महान वीरांगना स्वतन्त्रता सेनानी दुर्गा भाभी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वीरांगना दुर्गा भाभी ने भगत सिंह के साथ मिलकर अंग्रेजों के दांत खट्टे करने का कार्य किया था। उन्होंने कौशाम्बी के करेंटी पुल का नाम दुर्गा भाभी पुल रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना भी की।

इससे पूर्व, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने सांसद खेल स्पर्धा के विजेता 11 खिलाड़ियों को ट्राॅफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया तथा यूथ एशियाड विजेता सुश्री सुनीता को कौशाम्बी खेलरत्न एवं राजेन्द्र प्रसाद मौर्य को कौशाम्बी रत्न अवार्ड से सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी की धरती पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री एवं मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ऐतिहासिक एवं पवित्र कौशाम्बी की धरती माँ शीतला धाम, भगवान पदमप्रभु तथा तथागत बुद्ध एवं सूफी-संतों की धरती है। जनपद कौशाम्बी में चहुंमुखी विकास किया जा रहा है। विकास कार्याें में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम को सांसद विनोद सोनकर ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे0पी0एस0 राठौर, कारागार राज्यमंत्री एवं जनपद कौशाम्बी प्रभारी मंत्री सुरेश राही सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।