उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक सिपाही शहीद हो गया है। जबकि दो लोग घायल हो गये हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक का काफिला इटावा के सैफई में आयोजित एक कार्यक्रम से वापस लौट रहा था, तभी किलोमीटर संख्या-145 पर काफिले के पीछे चल रही सुरक्षाकर्मियों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होने के बाद गाड़ी सीधे मध्य डिवाइडर से जा टकराई और एक्सप्रेस-वे पर ही पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सौरिख के थाना प्रभारी भागमल सिंह ने बताया कि सुब्रत पाठक दोपहर के समय आगरा से कन्नौज की ओर आ रहे थे, तभी सौरिख क्षेत्र के निकट उनके काफिले में शामिल कार डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में पूर्व सांसद के गनर अभिषेक त्रिपाठी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और एक अन्य सिपाही घायल हो गया। उन्होंने ने बताया कि पाठक सुरक्षित हैं। सूत्रों ने बताया कि सुब्रत पाठक दूसरे वाहन में सवार थे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अभिषेक त्रिपाठी की मौत की सूचना उनके परिजन को दे दी गई है।
