पुराने लखनऊ के 50 हजार घरों को कुर्की का नोटिस:जाने क्या है वजह

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)हाउस टैक्स बकाए पर नगर निगम बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। अकेले जोन छह के 22 वॉर्ड में करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों को कुर्की का नोटिस देने की तैयारी है। जोन छह में पुराने लखनऊ का हिस्सा आता है। यहां कई लोग ऐसे है जिन्होंने सालों से अपना हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। 15 अक्टूबर तक के आंकड़ों में पूरे शहर से सिर्फ 43 फीसदी लोगों ने अपना हाउस टैक्स जमा किया है। उसमें भी सबसे कम संख्या जोन छह की है।

जोन छह में नगर निगम के 22 वार्ड आते हैं। इसमें से कई वार्डों में 80 लोगों ने अपना हाउस टैक्स नहीं दिया है। यही वजह है कि जोन छह में हाउस टैक्स का बकाया करीब 115 करोड़ तक पहुंच गया है। हालांकि इसमें ब्याज की राशि भी जुड़ी हुई है। संवेदनशील इलाके होने की वजह से यहां वसूली भी कम रहती है। अधिकारी ने लेकर कर्मचारी तक यहां वसूली करने जाने में डरते हैं। यही वजह कि यहां लोग हाउस टैक्स जमा नहीं करते है। पिछले दिनों कई लोगों का आवास और दुकान बकाए पर सील भी किया गया है। इसमें 90 हजार से लेकर एक लाख 17 हजार रुपए तक का हाउस टैक्स बकाया था।

इतने बड़े पैमाने पर पहली बार कार्रवाई

जोन छह में कुल मकान की संख्या 120982 है। इसमें से आवासीय भवनों की संख्या 112329 है। इसमें से भी तक महज 32635 लोगों ने अपना हाउस टैक्स जमा किया है। यह संख्या करीब 26 प्रतिशत के बराबर है। यानी की अभी भी करीब 74 फीसदी लोगों ने अपना हासउ टैक्स जमा नहीं किया है। अब इन सबको नगर निगम की तरफ से नोटिस दी जा रही है। इसमें साफ कर दिया गया है कि अगर 15 दिन में पैसा नहीं जमा हुआ तो आपके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई होगी। पुराने लखनऊ में इतने बड़े पैमाने पर पहली बार कार्रवाई हो रही है।