10 सूत्रीय मांगों पर आर-पार की तैयारी, स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने तेज किया प्रदेशव्यापी आंदोलन

Lucknow
  • अकेंद्रियत सेवा नियमावली, वेतन विसंगति और पुरानी पेंशन समेत प्रमुख मांगों को लेकर सरकार को दी चेतावनी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों पर सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस निर्णय न लेने का आरोप लगाते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। महासंघ ने प्रदेश भ्रमण के माध्यम से नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और जलकल विभाग के कर्मचारियों को एकजुट कर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

  • 2017 से लंबित हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक सैकड़ों ज्ञापन, वार्ताओं और आंदोलनों के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में अकेंद्रियत सेवा नियमावली का गठन, वर्ष 2001 तक के दैनिक, संविदा एवं सफाई कर्मियों का विनियमितीकरण, छठे वेतन आयोग के बाद उत्पन्न वेतन विसंगतियों का निराकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, पदोन्नति तथा मृतक आश्रितों को नियुक्ति शामिल हैं।

  • 20 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगा प्रदेशव्यापी दौरा

महासंघ ने 20 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, मेरठ सहित प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाने का कार्यक्रम घोषित किया है। इसी क्रम में गाजियाबाद में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री रमाकांत मिश्र और प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना हजारिया ने कर्मचारियों को आंदोलन की रणनीति से अवगत कराया और सभी इकाइयों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

  • मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और व्यापक

महासंघ ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संगठन ने कहा कि कर्मचारी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे तथा आगामी ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही सभी इकाइयों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए आर्थिक सहयोग देने का भी आह्वान किया गया।

  • बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र, प्रदेश महामंत्री रमाकांत मिश्र, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष राकेश अग्निहोत्री, रविन्द्र कुमार प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना हजारिया, रामकुमार रावत, शैलेंद्र तिवारी, विजय यादव, सपन सिंह, मिशन पाल सिंह, चालक संघ के अध्यक्ष सलीम अब्बासी, संजय शर्मा, जयदेव कौशिक, प्रदीप शर्मा, महक सिंह, राम सिंह पटेल, भगवत शरण, राजेंद्र सिंह, प्रदीप राणा, गाजियाबाद के महामंत्री जावेद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री कुलदीप शर्मा ने किया।