- धुंधकारी-गोकर्ण की कथा के बाद गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, श्रीकृष्ण जन्म पर झूमे श्रद्धालु
लखनऊ। शिव शक्ति मंदिर, सेक्टर-एच में आयोजित सामूहिक श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथा व्यास पंडित अतुल शास्त्री ने धुंधकारी-गोकर्ण की प्रेरणादायी कथा का वर्णन किया। उन्होंने भगवान की भक्ति, सत्संग और सद्कर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म एवं आध्यात्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
रात्रि में कथा स्थल पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही मंदिर प्रांगण ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। इस अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कथा के दौरान भक्ति और आध्यात्म का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर के प्रधान पुजारी बृजेश कुमार मिश्रा, मुख्य यजमान कमलेश सिंह, स्वर्गीय ब्रजेश सिंह राठौर की पत्नी, प्रवीण पांडे, आर.पी. मिश्रा, अनुपम सिंह राठौर, आशुतोष सिंह राठौर, अजय कुमार, सतीश पाल, राधिका सहित क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
