कोहरा और ठिठुरन का दौर अब शुरू लोगो का घर से निकलना हुआ मुश्किल

Varanasi Zone

वाराणसी (www.arya-tv.com)। बनारस सहित पूरे पूर्वांचल में प्रचंड कोहरा और ठिठुरन का दौर अब शुरू हो गया है। गुरुवार की देर रात से सड़कों और हाइवे पर दृश्यता इतनी कम थी कि तीस से चालीस मीटर बाद कुछ दिख ही नहीं रहा था। इस बीच राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जहां- तहां हाइवे पर ट्रक व अन्य वाहन रुके रहे। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि दक्षिण के तूफान से बनारस में नमी और कोहरे की स्थिति ज्यादा खतरनाक है। गुरुवार को दृश्यता 50 मीटर रही, तो दूसरी ओर शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 322 पीएम पर पहुंच गया। वहीं शुक्रवार की सुबह तक भी यह विजिबिलिटी 50 तक गई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे में प्रदूषक तत्व मिले बड़ी संख्या में मिलते हैं और यह और भी खतरनाक होता है। इससे आंखों में जलन व बाल का झड़ना और एलर्जी की समस्या हो सकती है। इसलिए सुबह-शाम जागिंग के वक्त मफलर और मास्क जैसी चीजों का उपयोग जरूर करें। कोहरे की शुरुआत बुधवार की देर रात से ही हो गई थी। इस कोहरे के साथ ठंड भी तेजी से बढ़ी है। शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। हालांकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।शुक्रवार को हवाओं में नमी 91 फीसदी दर्ज हुई  वहीं धुंध के कारण सूर्योदय की किरणें नहीं दिखी।