दीपावली के बड़े त्योहार के आते ही एयरलाइंस की मनमानी का गजब खेल सामने आया है। त्योहार पर ट्रेनें फुल होने का सीधा फायदा उठाकर एयरलाइन कंपनियों ने हवाई किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी कर दी है। सस्ते स्लॉट के टिकट खत्म होने का हवाला देकर यात्रियों से 4 गुना तक अधिक किराया वसूला जा रहा है। आम दिनों में कानपुर से दिल्ली का हवाई किराया 4 से 5 हजार रुपये के आसपास रहता है, जो गुरुवार को बढ़कर 12,500 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया है।
कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु का किराया हुआ बेकाबू
कानपुर एयरपोर्ट से वर्तमान में केवल तीन रूटों—दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। 5 से 8 नवंबर तक कानपुर से दिल्ली का किराया लगभग 6,200 रुपये तक है, लेकिन 9 नवंबर को यात्रा करने पर यात्रियों को 10,500 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, 5 से 8 नवंबर के बीच दिल्ली से कानपुर आने का किराया 12,500 रुपये तक पहुंच गया है।
इसी तरह, 5 से 7 नवंबर के मध्य मुंबई से कानपुर आने का हवाई किराया 22,000 रुपये तक वसूला जा रहा है, जबकि 9 नवंबर को कानपुर से मुंबई जाने के लिए 17,500 रुपये देने होंगे। बेंगलुरु रूट की बात करें तो 9 नवंबर को बेंगलुरु से कानपुर आने का किराया 13,500 रुपये है, लेकिन 6 नवंबर को यही टिकट 22,500 रुपये में मिल रहा है। इसके अलावा 11 और 13 नवंबर को कानपुर से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को 23,000 रुपये तक किराया जेब से ढीला करना पड़ेगा।
ट्रेनों में नो-रूम: शताब्दी और राजधानी में वेटिंग 100 के पार, कई ट्रेनों की बुकिंग बंद
हवाई किराये में इस भारी उछाल के पीछे मुख्य वजह ट्रेनों में भीषण भीड़ और लंबी नो-रूम की स्थिति है। दीपावली के कारण शताब्दी, राजधानी, तेजस और वंदे भारत जैसी वीआईपी ट्रेनों में 12 नवंबर तक एक भी सीट खाली नहीं है। आलम यह है कि कई प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची सीमा से बाहर होने के कारण नो-रूम हो चुका है और टिकट बुकिंग बंद कर दी गई है।
मुंबई से कानपुर आने वाली प्रमुख ट्रेनों की स्थिति बेहद खराब
पुष्पक एक्सप्रेस (12534): 150 से अधिक यात्री वेटिंग लिस्ट में हैं।
कुशीनगर एक्सप्रेस (22538): 120 से ज्यादा वेटिंग चल रही है।
एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस (11079): स्लीपर क्लास में 165 से अधिक वेटिंग दर्ज की गई है।
अवध एक्सप्रेस (19037): सेकंड एसी में वेटिंग बंद (नो-रूम) हो चुकी है, जबकि स्लीपर में 128 यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं।
