मंडलायुक्त लखनऊ डाॅ. रोशन जैकब ने राहत कार्यों तथा आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की

Lucknow

(www.arya-tv.com) मंडलायुक्त लखनऊ डाॅ. रोशन जैकब द्वारा जिलाधिकारी श्रीमती अपूर्वा दुबे की उपस्थिति में राजस्व एवं राहत कार्यों, कानून एवं यातायात व्यवस्था, कर-करेत्तर एवं कोविड की तैयारियों तथा आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गयी। राजस्व विभाग एवं राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त द्वारा विभागीय अधिकारियों से कहा कि अविवादित वरासत के प्रकरण समय से निस्तारित किये जायें। उन्होंने कहा कि शीत कालीन भ्रमण/जन चैपालों के दौरान भूमि सम्बन्धी विवादों का पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा स्थलीय निस्तारण कराना सुनिश्चित किया जाए। पैमाइश एवं हदबरारी के वादों को अनावश्यक रूप से लम्बित न रखा जाए। सभी उप जिलाधिकारी अभियान चलाकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटवायें तथा शासकीय उपयोग हेतु लैण्ड बैंक तैयार करें। उन्होंने निर्देश दिये कि राजस्व/भूमि सम्बन्धी समस्त वादों का निपटारा तय समय सीमा के अन्दर सुनिश्चित कराया जाए। 

मण्डलायुक्त ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीना से अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए तथा महिलाओं से सम्बन्धित अपराधों को कमतर करने के लिए संवेदनशील स्थलों जैसे बाजार, स्कूल, कालेज आदि पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) नरेन्द्र सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत राजस्व की वसूली सुनिश्चित करायी जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. सत्य प्रकाश को निर्देश दिये कि कोविड महामारी के दृष्टिगत सभी अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करा ली जाएं तथा ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय किया जाए।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, मुख्य विकास अधिकारी ऋषि राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विकास कुमार सिंह, नगर कलेक्ट्रेट श्रीमती विजेता, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री नूपुर गोयल, उप जिलाधिकारी पुरवा अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी बीघापुर दया शंकर पाठक, उप जिलाधिकारी सफीपुर एवं बाॅगरमऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।