ठंडी हवाओं ने बदला मौसम, छह डिग्री कम हुआ पारा

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज(www.arya-tv.com) आखिर वहीं हुआ जिसका पूर्वानुमान था। बढ़ती तपिश के बीच शुक्रवार को भोर से ठंडी हवाओं ने मौसम बदल दिया। दिन भर बादलों के डेरे में सूरज देव दुबके रहे।

अचानक पसीने वाली गर्मी गुनगुनी ठंड में बदली। बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री गोता लगा गया। शाम को तेज अंधड़ फिर देर रात गरज-चमक संग कहीं-कहीं पड़ीं बौछारों से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यह स्थिति स्थायी नहीं हैं। शनिवार को मौसम साफ हो सकता है।

शुक्रवार को भोर से ही बादलों ने धमाचौकड़ी मचाई। करीब 20 दिन बाद लोगों को अचानक बढ़ी गर्मी से बादलों और बूंदाबांदी ने राहत दी। बदले मौसम में 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री से लुढककर 31.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पर ही स्थिर रहा। ठंडी हवाओं के कारण वातावरण में नमी का स्तर बढ़ गया। आर्द्रता अधिकतम 86 और न्यूनतम 54 प्रतिशत रही।