आगरा में पत्नी पर शक करता था पति तो ससुराल में जाकर कर दिया ये काम

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) आगरा में एक युवक ने अपनी ससुराल में जाकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया, पत्नी के परिवारवाले सन्न रह गए। उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना न्यू आगरा के सरला बाग में मायके आई पत्नी नीरज पर पति ऋषभ ने गुरुवार को चाकू से हमला बोल दिया। उसकी गर्दन, पेट और हाथ पर वार किए। वह लहूलुहान हो गई। परिजनों ने आरोपी पति को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को जेल भेजा है।

सरला बाग निवासी नीरज (23) की शादी सात दिसंबर 2020 को पश्चिमपुरी निवासी ऋषभ चौधरी से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति पत्नी पर शक करता है। इस बात पर दोनों में झगड़े होने लगे। सात मार्च को मारपीट हो गई। इस पर नीरज को परिजन अपने साथ ले गए।

गुरुवार दोपहर को वह घर के पास ही अपनी चाची के घर गई थी। यहां ऋषभ भी पहुंच गया। वह अपने साथ घर से चाकू लेकर आया था। अचानक चाकू निकालकर गर्दन, पेट और हाथ पर वार कर दिए। परिजनों ने ऋषभ को पकड़ लिया। घायल नीरज को अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि आरोपी ऋषभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा गया है। वहीं विवाहिता नीरज की हालत गंभीर है। उसका इलाज चल रहा है। उधर, इस घटना से नीरज के परिवारवाले दहशत में हैं।