विधान परिषद उपचुनाव में वोट डालकर बोले डॉ. राजेश्वर- चतुर्दिक विकास व सुशासन के संकल्प को सिद्ध कर रही भाजपा

Lucknow
  • विधान परिषद उपचुनाव में भाजपा ने सपा को दी पटखनी, सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत के उपरांत भी प्रदेश भाजपा की विजय यात्रा निरंतर जारी है। सोमवार को संपन्न हुए विधान परिषद की दो रिक्त सीटों पर उप चुनाव में भी भाजपा ने समाजवादी पार्टी को पटखनी दी। भाजपा के दोनों प्रत्याशी पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह ने इस चुनाव में आसान जीत दर्ज की।

सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार सुबह विधानसभा के तिलक हॉल में अपने मताधिकार का उपयोग करने के उपरांत कहा कि उप-चुनाव प्रदेश के चतुर्दिक विकास व सुशासन के संकल्प को सिद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने सुबह ही अपने आधिकारिक ट्वीटर पर दोनों भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा किया था।

वोट डालने के उपरांत डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधानसभा भवन में आहूत ग्राम्य विकास विभाग और व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग से संबंधित लोक लेखा समिति (PAC) की बैठक में भी हिस्सा लिया था।