Bulandshahr Double Murder: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निजामपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया. दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग तक पहुंच गया. इस हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गोलियां चलनी शुरू हो गईं. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दर्जनभर से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए और पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया.
गोली लगने और गाड़ी से कुचलने से हुई दो लोगों की मौत
इस खूनी संघर्ष में अजब सिंह को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं दूसरे पक्ष के सोनू की मौत अलग परिस्थितियों में हुई. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजब सिंह के समर्थकों ने सोनू को अपनी गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में रतन और अरविंद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
पैसों का लेनदेन बना विवाद की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग किसने शुरू की और हिंसा की पूरी जिम्मेदारी किस पर बनती है.
घटना की सूचना मिलते ही बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. इसके अलावा मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर और मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
