समाजवादी सरकारों में हुआ ब्राह्मणों का सबसे अधिक अपमान : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • अयोध्या में भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का उत्साह, बोले—विपक्ष अस्तित्व बचाने की आखिरी कोशिश में

अयोध्या/लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी सरकारों के कार्यकाल में ब्राह्मण समाज का सबसे अधिक उत्पीड़न और अपमान हुआ। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को देवतुल्य माना गया है और वह सदैव समाज के कल्याण के लिए कार्य करता है, लेकिन समाजवादी सरकारों में ब्राह्मणों के साथ अन्याय किया गया।

  • राम के नाम पर विपक्ष को घेरा

डॉ. शर्मा ने कहा कि जिन लोगों ने कभी प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, वे आज राम की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष प्रभु श्रीराम को बचाने की बात करता है तो इससे स्पष्ट होता है कि वह वास्तव में अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने का अंतिम प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा होने और रामनगरी के बदलते स्वरूप को देखकर विपक्ष परेशान है। राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वालों ने कभी राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, लेकिन आज अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और भव्य विकास को देखकर उन्हें परेशानी हो रही है।

  • तिरंगा यात्रा ने दिया एकता का संदेश

गांधी पार्क, सिविल लाइंस, अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि रामनगरी में तिरंगा यात्रा का भव्य स्वरूप देखने को मिला। हजारों की संख्या में युवाओं और महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के जयघोष के साथ यात्रा में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल राष्ट्रभक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता का मजबूत संदेश भी देती है। यात्रा को संतों का आशीर्वाद प्राप्त होना इसे और विशेष बनाता है।

  • आधुनिक अयोध्या के विकास से विपक्ष परेशान

डॉ. शर्मा ने कहा कि अयोध्या में केवल भव्य राम मंदिर का निर्माण नहीं हुआ है, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई अयोध्या भी आकार ले रही है। सड़कों, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों से रामनगरी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि अयोध्या में अधिक से अधिक श्रद्धालु आएं और रामनगरी का विकास हो। उन्होंने कहा कि राम मंदिर प्रकरण में जो भी दोषी होगा, सरकार उसे बख्शेगी नहीं।

  • साधु-संतों के सम्मान की बात

सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने साधु-संतों का अपमान किया है। उन्हें समझना चाहिए कि देश साधु-संतों के आशीर्वाद के साथ विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में धार्मिक आस्था के साथ विकास का भी नया अध्याय लिखा जा रहा है।

  • रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन

डॉ. दिनेश शर्मा ने अयोध्या प्रवास के दौरान श्रीरामलला और श्री हनुमानगढ़ी के दर्शन किए। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, युवाओं और मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी रही।

इसके बाद डॉ. शर्मा ने अम्बेडकर नगर में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से आयोजित मुस्लिम महिलाओं की तिरंगा यात्रा का भी शुभारंभ किया।

  • ये रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में भाजपा अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक राम चंद्र यादव, विधायक अभय सिंह, विधायक चंद्रभानु पासवान, पूर्व महापौर ऋषि उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष अक्षय मिश्रा, महामंत्री परमानंद मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष हरभजन गौड़, वरिष्ठ भाजपा नेता शक्ति सिंह, धर्मेंद्र सिंह ‘टिल्लू’, अमन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।