- सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्था के खिलाफ कार्रवाई, अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा

लखनऊ। नगर निगम जोन-8 में गुरुवार को अतिक्रमण और अव्यवस्था के खिलाफ प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने खजाना चौराहे पर सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़ी कबाड़ियों की चार ठेलियों को जब्त कर लिया। कार्रवाई होते ही क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।
- मौके पर पहुंचे अधिकारी, सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
प्रवर्तन अभियान के दौरान जोनल अधिकारी/ सहायक नगर आयुक्त डॉ. आशीष सिंह ने खजाना चौराहे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क किनारे की स्थिति, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी रोकने के निर्देश
अधिकारियों ने कर्मचारियों से कहा कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा न होने देने के साथ ही सड़क किनारे किसी प्रकार की अव्यवस्था और अतिक्रमण को भी तत्काल हटाया जाए।
- आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे, अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि दोबारा सड़क किनारे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
- ये रहे मौजूद
अभियान के दौरान जितेंद्र गांधी, SFI मोहम्मद नईम, मीरा राव, दीक्षा चौरसिया, सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
