आज दो दिन के दौरे पर UP पहुंचेंगे जेपी नड्डा:योगी सरकार के मंत्रियों की क्लास लेंगे

UP

(www.arya-tv.com)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा (जेपी नड्‌डा) आज यानी शनिवार से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले नड्‌डा बीते 8 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को देखने के लिए पीजीआई पहुंचे थे। 7 माह बाद वे पार्टी पदाधिकारियों से सीधे रूबरू होंगे। राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।

जेपी नड्डा विधायकों और नवनियुक्त पंचायत अध्यक्षों से मुलाकात तो करेंगे ही, जानकारी यह भी है कि वह योगी के मंत्रियों से भी मिलेंगे। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए टीम योगी कितनी तैयार है। इसका भी वह जायजा लेंगे। रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष आगरा जाएंगे। जहां ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी।

नड्डा की योगी के मंत्रियों के साथ सीक्रेट मीटिंग
दरअसल, 7 महीने पहले जनवरी में जेपी नड्डा जब यूपी दौरे पर आए थे, तब उन्होंने यूपी के मंत्रियों को टारगेट दिया था। अब वह टारगेट कितना पूरा हुआ इसकी समीक्षा भी करेंगे। राजनीतिक गलियारों के जानकार बताते हैं कि कृषि कानून पर जनता का फीडबैक, आपसी गुटबाजी, संगठन-सरकार में समन्वय और योगी कैबिनेट की समीक्षा उन्होंने पहले भी की थी। इस बार भी नड्डा की पाठशाला में मंत्री अपना होमवर्क कितना पूरा कर पाए यह बताएंगे।

ब्लाक-प्रमुख और जिलाध्यक्षों को देगे जीत का मंत्र
शायद ऐसा पहली बार होगा जब किसी बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्लाक प्रमुखों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में सारा फोकस भाजपा को हर घर तक पहुंचाने की होगी। इतना ही नहीं नड्डा पार्टी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की बैठक को भी संबोधित कर आवश्यक मार्गदर्शन करेंगे।

संगठन की बैठक में बनेगी जीत की रणनीति
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों और अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक को पार्टी के संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बैठक में चुनावी रणनीति को साझा करेंगे।
8 अगस्त को आगरा में रहेंगे नड्डा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 8 अगस्त की सुबह राजधानी लखनऊ से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। आगरा में पार्टी के जरिए आयोजित चिकित्सक (कोरोना वॉरियर्स) के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही पार्टी की ओर से आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम को आगरा से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।