उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बुधवार से गोरखपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल जन-आक्रोश पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष के दौरे के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन होगा। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध वर्ग और पूर्व पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से निकलेगी जन-आक्रोश पदयात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, नितिन नबीन बुधवार सुबह गोरखपुर पहुंचेंगे। दोपहर 12:10 बजे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से जन-आक्रोश पदयात्रा शुरू होगी। यह यात्रा सरदार पटेल की प्रतिमा के पास स्थित माता काली मंदिर पर समाप्त होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रबुद्ध वर्ग और जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे बैठक
पदयात्रा के बाद बुधवार दोपहर 3:30 बजे नितिन नवीन तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे इसी स्थान पर जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
गोरखनाथ मंदिर में दर्शन के बाद पूर्व पदाधिकारियों से करेंगे संवाद
दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह भाजपा अध्यक्ष बाबा गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पार्टी के पूर्व प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें पिछले तीन कार्यकालों के दौरान संगठन में जिम्मेदारी निभाने वाले पूर्व पदाधिकारी, पूर्व जिला प्रभारी और पूर्व जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।
इसके बाद नितिन नवीन पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। इस बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के पूर्व सदस्य, पूर्व विधायक, विधान परिषद के पूर्व सदस्य, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और नगर पालिका व नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शामिल होंगे।
संगठनात्मक बैठक में बनेगी विधानसभा चुनाव की रणनीति
गोरखपुर दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक नेतृत्व के साथ विस्तृत बैठक भी करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, राज्य और क्षेत्रीय पदाधिकारी तथा अन्य प्रमुख संगठनात्मक नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा तैयार करने के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष इससे पहले दिल्ली, हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुके हैं। भाजपा ने यह अभियान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के विरोध-प्रदर्शनों के जवाब में शुरू किया है। पार्टी का यह अभियान चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच चलाया जा रहा है।
