लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेगी जनता : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा देश के सामने बेनकाब, विपक्ष ठोस मुद्दों के बजाय विरोध-प्रदर्शन का ले रहा सहारा : डॉ.राजेश्वर सिंह
  • विधानसभा से परिवर्तन चौक तक निकली ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में सरोजनीनगर विधायक हुए शामिल

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को विधानसभा से परिवर्तन चौक तक ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इसमें सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह दल-बल के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिशों को देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव में जनता का विश्वास जीतने में असफल होने के बाद विरोध-प्रदर्शन और अव्यवस्था का सहारा ले रहा है, जबकि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उसके दायित्वों के निर्वहन से रोकने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी।

  • लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास जरूरी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा है तो उसे लोकतांत्रिक तरीके से उठाना चाहिए। राजनीतिक दलों को जनता के बीच जाकर उसका विश्वास जीतना चाहिए और चुनाव के माध्यम से जनसमर्थन हासिल करना चाहिए। बिना ठोस मुद्दों के धरना-प्रदर्शन और अव्यवस्था पैदा करना लोकतांत्रिक राजनीति का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार की सच्चाई जनता तक पहुंचाना पदयात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

  • कांग्रेस के शासनकाल और विपक्ष के इतिहास पर उठाए सवाल

विधायक ने कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के अनुच्छेद 356 का 100 से अधिक बार इस्तेमाल कर सरकारें बर्खास्त की गईं। उन्होंने 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार, कश्मीर से हिंदुओं के पलायन, सपा शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलाने और देश में हुए विभिन्न दंगों का उल्लेख करते हुए विपक्ष के राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद विपक्षी दल विभिन्न अराजक शक्तियों को एकजुट कर मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

  • विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ एकजुटता का आह्वान

पीडीए के नारे पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति समाज को बांटने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर ही अंग्रेजों ने लंबे समय तक शासन किया था। देश को दोबारा विभाजनकारी राजनीति की ओर ले जाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

  • वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में निकली पदयात्रा

पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने किया। पदयात्रा में आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं, संगठन के पदाधिकारियों तथा एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।