यूपी विधानसभा चुनाव के बाद सपा कार्यकर्ताओं को लगने लगा है डर, जानें इसका कारण

Agra Zone

(www.arya-tv.com) यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में मतगणना से एक दिन पूर्व मंडी समिति में आने-जाने वाले अधिकारियों की गाड़ियों को चेक करना सपा कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें देना शुरू कर दिया है। पुलिस कार्रवाई से भयभीत कार्यकर्ता अब न्यायालय की शरण में जा रहे हैं। एक कार्यकर्ता ने न्यायालय में अपील की है।

मतगणना से एक दिन पूर्व सपा मुखिया के आदेश पर कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के बाहर डेरा डाल लिया था। इतना ही नहीं कार्यकर्ता अफसरों की गाड़ियां चेक करने के बाद ही अंदर प्रवेश करने दे रहे थे, वहीं अंदर से बाहर आने पर भी उनकी तलाशी ली जा रही थी। हद तो तब हो गई जब सपा कार्यकर्ताओं ने प्रेक्षकों, डीएम और एसएसपी की गाड़ियों को भी चेक करने के बाद ही अंदर जाने दिया।

नेता और कार्यकर्ताओं के इस रवैये से अधिकारियों में उनके खिलाफ आक्रोश व्याप्त हो गया था, लेकिन माहौल न बिगड़े इसलिए किसी भी अफसर ने उन्हें नहीं रोका। मतगणना के दिन जसराना से सपा प्रत्याशी सचिन यादव को प्रमाण पत्र देने में देरी होने पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बेरिकेडिंग तोड़ दीं। महिला थाना की गाड़ी के साथ कई रोडवेज और प्राइवेट वाहनों में पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पुलिस के डर की वजह से सपा कार्यकर्ता गौरव यादव निवासी लेबर कॉलोनी ने न्यायालय में सरेंडर करने की अपील डाली है। वहीं पुलिस आरोपी को सरेंडर करने से रोकने की पूरी कोशिश कर रही है।