सपा प्रत्याशी सिनोद शाक्य ने पार्टी से दिया इस्तीफा

Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) यूपी विधान परिषद की बदायूं स्थानीय प्राधिकार सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सिनोद शाक्य ने अंतिम मौके पर पर्चा वापस ले लिया था। बुधवार को नाम वापसी के बाद रात में ही सिनोद ने समाजवादी पार्टी भी छोड़ दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार की देर रात सिनोद शाक्य ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देते हुए पत्र जारी किया है। सिनोद शाक्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव को इस्तीफा भेजा है।

जिसमें साफ-साफ कहा है कि कुछ दिनों से उनके प्रति पार्टी में नकारात्मक रवैया अपनाया जा रहा था, जिसके चलते वह समाजवादी पार्टी में परेशान हो चुके थे। नकारात्मक रवैये से परेशान होकर उन्होंने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सिनोद शाक्य ने दिन में एमएलसी चुनाव से अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था जिसकी वजह से भाजपा के वागीश पाठक निर्विरोध चुने गए। यह समाजवादी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। समाजवादी पार्टी को एमएलसी की सीट गंवाने का झटका अभी शांत नहीं हो पाया था कि पूर्व विधायक सिनोद शाक्य ने अपना इस्तीफा देकर हलचल मचा दी है। सिनोद बसपा से दो बार विधायक रहे हैं।

यहां महत्वपूर्ण यह है कि शुक्रवार 25 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का शपथग्रहण है। इसमें शामिल होने के लिए अधिकांश भाजपा नेता लखनऊ रवाना हो गए हैं। साथ ही अन्य कार्यकर्ता भी शाम को बस से लखनऊ जाऐंगे। प्रत्येक विधानसभा से 100 भाजपा कार्यकर्ता शपथग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने जाऐंगे। सिनोद शाक्य कब भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होंगे और उनकी क्या भूमिका रहेगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन इस समय उनके इस कदम को जहां भाजपा अच्छा कदम बता रही है वहीं सपा ने इसे धोखा करार दिया है।