यूपी में पुलिस प्रशासन में फेरबदल का सिलसिला जारी, प्रशांत कुमार बने आगरा के नए ADG

# ## UP

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में तबादलों का दौर जारी, पहले 28 IPS अफसरों के विभाग और जिले बदले गए थे तो वहीं अब शासन ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। एसके भगत को आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। लगातार हो रहे इन बदलावों को चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रशांत कुमार को मिली आगरा जोन की जिम्मेदारी

यूपी शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी एसके भगत अब तक आगरा जोन के एडीजी पद पर तैनात थे। उन्हें अब पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार अब तक अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे। उन्हें आगरा जोन का नया एडीजी बनाया गया है।

एक दिन पहले 28 IPS अधिकारियों के हुए थे तबादले

इससे पहले शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव किए थे। एक साथ 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इस फेरबदल में नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर से लेकर लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी और कई रेंज के डीआईजी की जिम्मेदारियां बदली गई थीं। तबादला सूची के मुताबिक, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। लक्ष्मी सिंह करीब चार साल से गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। प्रशासनिक फेरबदल में लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है। इसके अलावा लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है।

प्रयागराज और वाराणसी में भी नई तैनाती

तबादलों के तहत प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इस बदलाव के साथ दोनों शहरों की पुलिस व्यवस्था में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस विभाग में ये बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए किए जा रहे हैं। शासन का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस महकमे में कुछ और अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं।