अयोध्या में सरयू में चलेंगे क्रूज और हाउस बोट:5 स्टार होटल जैसी फैसेलिटी

# ## UP

(www.arya-tv.com)  अयोध्या में दिसंबर से जनवरी 2024 के बीच भव्य मंदिर में रामलला विराजमान होंगे। इससे पहले यहां सरयू पर वाराणसी की तरह क्रूज और हाउस बोट सर्विस शुरू हो जाएगी। पहला क्रूज, अक्टूबर जबकि दो क्रूज और हाउस बोट जनवरी तक सरयू में उतर जाएंगे।

क्रूज में सरयू की सैर के अलावा हाउस बोट में नाइट स्टे की फैसेलिटी भी होगी। अयोध्या नगर निगम का दो कंपनियों के साथ MOU साइन हुआ है। पर्यटन विभाग का मानना है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में पर्यटन में कई गुना वृद्धि हो सकती है। ऐसे में क्रूज सर्विस इसको सपोर्ट करेगी।

2 क्रूज में सरयू विहार और 2 हाउसबोट में नाइट स्टे
दुबई में क्रूज चलाने वाली कंपनी ने अयोध्या नगर निगम के साथ MOU साइन किया है। इसमें 18 करोड़ की लागत से 2 क्रूज और 2 हाउस बोट सरयू में नया घाट से गुप्तार घाट के बीच चलाई जाएगी। अयोध्या क्रूज लाइंस के डायरेक्टर मनोज अरोड़ा ने बताया कि दोनों क्रूज का नाम ‘पुष्पक विमान’ जबकि हाउस बोट का नाम ‘कनक महल’ रखा है।

अलकनंदा चलाएगी डबल डेकर रामायण क्रूज, अयोध्या में बनना शुरू
अयोध्या क्रूज लाइंस के अलावा अलकनंदा क्रूज लाइंस भी सरयू में क्रूज चलाने की तैयारी में है। यह वही कंपनी है जो अभी वाराणसी में क्रूज चला रही है। अलकनंदा के क्रूज का निर्माण अयोध्या में शुरू हो चुका है। कंपनी के डायरेक्टर विकास मालवीय ने बताया कि सरयू में जो क्रूज चलाया जाएगा वह वाराणसी में चलने वाले क्रूज से अलग होगा। इस डबल डेकर क्रूज में और एडवांस टेक्नोलोजी का इस्तेमाल किया जाएगा। यह अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि गुप्तार घाट के कवर्ड शेड में लग्जरी क्रूज का निर्माण किया जा रहा है। इसकी लागत 11 करोड़ है। लंबाई 25 मीटर और चौड़ाई 8.3 मीटर होगी। सरयू में प्रदूषण न हो इसके लिए सौर ऊर्जा से इसका संचालन किया जाएगा। क्रूज में पहले तल में 100 पर्यटकों के बैठने का इंतजाम होगा। ऊपर का तल पूरी तरह खाली होगा, जहां श्रद्धालु खड़े होकर सरयू विहार का आनंद ले सकेंगे।