सर्दी की दस्तक के साथ ही शहर की हवा में प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बरेली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़े कुछ अलग ही कहानी बयां कर रहे हैं। शहर के अधिक यातायात वाले सिविल लाइंस क्षेत्र में एक्यूआई 71 दर्ज किया गया, जबकि अपेक्षाकृत कम यातायात वाले राजेंद्रनगर में यह आंकड़ा 124 तक पहुंच गया। दोनों क्षेत्रों के आंकड़ों में यह अंतर विशेषज्ञों के लिए भी सवाल खड़े कर रहा है।
बरेली कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. आलोक खरे का कहना है कि दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर इतनी जल्दी कम होना समझ से परे है। मौसम में ओस और ठंड बढ़ने के साथ वातावरण में मौजूद प्रदूषण के कणों का फैलाव प्रभावित हो सकता है। ऐसे में हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि आसमान अभी पूरी तरह साफ नजर नहीं आ रहा है, इसके बावजूद एक्यूआई कम दर्ज होना जांच का विषय है।
डॉ. खरे के मुताबिक, बारिश होने पर वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नीचे बैठ जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होता है। दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए कई जगह पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन बरेली में बारिश जैसी स्थिति नहीं होने के बावजूद एक्यूआई में गिरावट दर्ज होना समझना मुश्किल है।
उन्होंने आशंका जताई कि जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी, प्रदूषण का स्तर भी बढ़ सकता है। ठंड के मौसम में हवा की गति और वायुमंडलीय परिस्थितियां प्रदूषक कणों के फैलाव को प्रभावित करती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर की वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।
सिविल लाइंस से राजेंद्रनगर में ज्यादा प्रदूषण
शहर के दोनों निगरानी क्षेत्रों के एक्यूआई आंकड़ों में भी बड़ा अंतर सामने आया है। सिविल लाइंस में एक्यूआई 71 दर्ज हुआ, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। वहीं राजेंद्रनगर का एक्यूआई 124 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। खास बात यह है कि सिविल लाइंस से राजेंद्रनगर की तुलना में कई गुना अधिक यातायात गुजरता है। इसके बावजूद सिविल लाइंस में प्रदूषण का स्तर कम दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इन आंकड़ों के अंतर को समझने के लिए निगरानी केंद्रों के आसपास की परिस्थितियों और प्रदूषण के स्रोतों का भी आकलन जरूरी है।
