रविवार को मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान सम्मेलन एवं जनसभा को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों का उत्साह और उनका उज्ज्वल भविष्य देश की ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बदलाव के परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। पहले की सरकारों में गरीबों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए परेशान होना पड़ता था
सपा सरकार में अपराध चरम पर था
पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में अपराध चरम पर था। उस समय पुलिस अपराधियों से डरती थी, जबकि भाजपा सरकार में अपराधी पुलिस से डरते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से बढ़ा भारत का सम्मान
केशव मौर्य ने कहा कि पहले पाकिस्तान में प्रशिक्षण लेकर आतंकवादी भारत में जवानों की हत्या कर वापस चले जाते थे और तत्कालीन सरकारें दूसरे देशों के सामने गुहार लगाती थीं। अब भारत आतंकवाद का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सैन्य ताकत और वैश्विक प्रतिष्ठा में देश का सम्मान बढ़ा है।
सरकारी योजनाओं से बदली आम लोगों की जिंदगी
उप मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ ही आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
हिंदू-मुस्लिम में भेदभाव नहीं, सभी बेटियां बराबर
केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। हिंदू हो या मुस्लिम, बेटी सभी की बराबर है। आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सपा के पीडीए नारे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा समरसता और सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है।
