मरीजों को भटकने से बचाने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने तैयार किया ‘ई-सारथी’ पोर्टल, सैफई से शुरुआत

# ## UP

गंभीर और सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मरीजों को सही समय पर सही अस्पताल तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘ई-सारथी’ (डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली) पोर्टल तैयार किया है। सोमवार से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई को मुख्य केंद्र बनाकर इस डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत की जा रही है। इस नई प्रणाली के लागू होने से रेफर के नाम पर होने वाली भागदौड़ पर लगाम लगेगी और मरीजों को नजदीकी सरकारी संस्थानों में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।

बीमारी, बेड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता के आधार पर होगा रेफर

ई-सारथी पोर्टल के माध्यम से किसी भी मरीज को रेफर करने से पहले उसकी बीमारी की गंभीरता, उपचार की जरूरत, संबंधित अस्पताल में खाली बेड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता का डिजिटल आकलन किया जाएगा। इस पोर्टल पर सभी जुड़े हुए अस्पतालों को अपने यहां मौजूद बेड और चिकित्सा सुविधाओं का ताजा आंकड़ा प्रत्येक दो घंटे में अपडेट करना अनिवार्य होगा। इससे मरीज को किसी बड़े संस्थान में भेजने से पहले ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि वहां बेड और जरूरी इलाज की सुविधा उपलब्ध है या नहीं। इस व्यवस्था से लखनऊ के बड़े चिकित्सा संस्थानों पर पड़ने वाला अनावश्यक मरीजों का दबाव भी काफी हद तक कम होगा।

पहले चरण में तीन मेडिकल कॉलेज समेत 11 संस्थान होंगे शामिल

पायलट प्रोजेक्ट के पहले चरण में सैफई विश्वविद्यालय को मुख्य रेफरल केंद्र बनाया गया है। इसके साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय औरैया व फिरोजाबाद को जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त आठ जिला व संयुक्त चिकित्सालयों को भी इस नेटवर्क में शामिल किया गया है, जिनमें इटावा का जिला महिला चिकित्सालय और डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय, औरैया जिला संयुक्त चिकित्सालय, कन्नौज के छिबरामऊ व जिला संयुक्त चिकित्सालय, मैनपुरी के जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय तथा फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित संयुक्त चिकित्सालय प्रमुख हैं।

24 घंटे सक्रिय कमांड सेंटर रखेगा रेफरल और एंबुलेंस पर नजर

रेफरल प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सैफई में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला एक विशेष कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जो मरीज के रेफर होने से लेकर सुरक्षित स्थानांतरण तक की निगरानी करेगा। यदि किसी कारणवश किसी एक अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं होता है, तो कमांड सेंटर के जरिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत सामान्य और आपातकालीन दोनों तरह के मामलों में रेफरल प्रक्रिया को परखा जाएगा। सभी सहभागी संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित कर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है और मूल्यांकन के बाद इस व्यवस्था का विस्तार पूरे प्रदेश में किया जाएगा।