लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ स्थित लक्ष्मण मेली मैदान में छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों को भोजपुरी में छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ”छठ महापर्व में शामिल सभी भाई-बहिन लोगन के इस पावन पर्व के बहुत-बहुत बधाई और मंगलकामना। हम छठी मैया और भगवान सूर्य देव से प्रार्थना करतानी कि रउआ सभी पर उनकर कृपा बनल रहे और आप सभी के मनोरथ पूरा हो।”
मातृशक्ति की तपस्या को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी ताकत हमारी माताएं और बहनें हैं। वे तीन-तीन दिन तक निर्जला व्रत रखकर परिवार, संतान और पूरे समाज के मंगल के लिए तपस्या करती हैं। यह हमारी संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। आज देश-दुनिया के हर कोने में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं।
सांस्कृतिक विविधता ही यूपी की पहचान
सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जहां हर व्यक्ति अपनी आस्था के साथ पर्व और त्योहार मना सकता है। उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और एकात्मता से है।
उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर माता और बहन का जीवन सुखमय हो, हर बेटी को सुरक्षा मिले और हर परिवार में खुशहाली आए। किसानों के खेत लहलहाते रहें, युवाओं को रोजगार मिले और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल, बिहार समेत देश-दुनिया में रहने वाले सभी परिवारों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए जय छठी मैया और जय भगवान सूर्य देव का उद्घोष किया।
