रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार: छठ पूजा की खुशियों के बीच शनिवार शाम सुमली नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा के लिए दीपक जलाने पहुंची आठ वर्षीय बालिका पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए नदी में उतरी 18 वर्षीय युवती भी डूबने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाल लिया, जबकि बालिका का पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया। इसके बाद बालिका का शव बरामद हुआ। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के भाईलाल रेती मजरे बसंतपुर मंझारा निवासी गजराज यादव की 18 वर्षीय पुत्री पुष्पा और पुनीत यादव की आठ वर्षीय पुत्री मयूरी शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित सुमली नदी के घाट पर छठ पूजा के लिए दीपक जलाने गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से मयूरी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए पुष्पा नदी में उतर गई, लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठी और डूबने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण नदी में कूद पड़े। लोगों ने किसी तरह पुष्पा को बाहर निकाला और उपचार के लिए सूरतगंज स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मयूरी की तलाश शुरू की गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन कराई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने मयूरी का शव बरामद कर लिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बालिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घाट पर अंधेरा, सुरक्षा इंतजाम नदारद
छठ पूजा के लिए सुमली नदी के जिस घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी है, वहां प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। शाम ढलते ही घाट पर अंधेरा छा गया। ऐसे में दीपक जलाने पहुंचीं दो बच्चियां हादसे का शिकार हो गईं। घाट पर प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम न होने से जिम्मेदारों की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
