बरेली: जिले में 26 को आ रही प्रियंका गांधी, लोगों में दिख रहा उत्साह

# ## Bareilly Zone

बरेली (www.arya-tv.com) बदायूं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रतिज्ञा यात्रा लेकर 26 अक्टूबर को जिले में आ रही हैं। अभी तक जो प्रारंभिक कार्यक्रम तय हुआ है उसके मुताबिक वह शक्तिपीठ नगला मंदिर में मत्था टेकेंगी और छोटे सरकार की दरगाह पर चादर चढ़ाएंगी। कांग्रेस की केंद्रीय सुरक्षा टीम ने उनके दौरे को लेकर तय किए गए रूटों और आयोजन स्थलों का जायजा लिया। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कुछ कार्यक्रम में बदलाव भी किए जा सकते हैं।

जिले में पहली बार प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम तय होने से पदाधिकारियाें से लेकर कार्यकर्ताओं तक में उत्साह दिखाई दे रहा है। जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष के अनुसार अभी तक तय हुए कार्यक्रम में वह दातागंज में जनसभा करने के अलावा किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगी। सदर विधानसभा क्षेत्र में नगला मंदिर और छोटे सरकार की दरगाह पर जाने का कार्यक्रम तय हुआ है।

बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के कस्बा उझानी में भी जनसभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रीय महासचिव के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की केंद्रीय सुरक्षा टीम ने बीते गुरुवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया है। टीम की संस्तुति पर ही फाइनल कार्यक्रम तय किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बरेली से आंवला होते हुए जिले की सीमा में प्रवेश करने पर भव्य स्वागत होगा। इसके अलावा दातागंज से लेकर बदायूं और उझानी तक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है।

सुरक्षा का जायजा लेने में जुटी केन्द्रीय सुरक्षा टीम

प्रियंका गांधी के बदायूं आने को लेकर केेंद्रीय सुरक्षा टीम ने अपना मूवमेंट शुरू कर दिया है।जिसके लिए केंद्रीय सुरक्षा टीम बदायूं में सुरक्षा को लेकर निरीक्षण किया। टीम ने यात्रा के रूट और प्रियंका गांधी की सुरक्षा से संबधित सभी पहलुओं का आकलन किया। इसके अलावा टीम ने सुरक्षा संबंधी इंतजामों को लेकर आपस में भी चर्चा की। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी 26 अक्टूबर को प्रतिज्ञा यात्रा लेकर बदायूं पहुंचेंगी।